न्यूजीलैंड दौरे के लिए राहुल द्रविड़ को आराम दिए जाने पर तिलमिलाए रवि शास्त्री
रवि शास्त्री ने बार-बार ब्रेक लेने के लिए राहुल द्रविड़ की आलोचना की!
अद्यतन - नवम्बर 18, 2022 1:59 अपराह्न

टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम में आज यानी 18 नवंबर से शुरू हो रही है। हालांकि, बारिश के कारण पहले मैच को रद्द कर दिया गया, अब इस T20I सीरीज का दूसरा मैच 20 नवंबर को तोरंगा के बे ओवल में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत के नियमित कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या T20I टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि शिखर धवन वनडे सीरीज के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान होंगे। इसी तरह, भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को भी न्यूजीलैंड दौरे के लिए आराम दिया गया है, और NCA के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को इस सीमित ओवरों की सीरीज के लिए अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
राहुल द्रविड़ को बार-बार ब्रेक देने से खफा हो गए हैं रवि शास्त्री
आपको बता दें, यह पहली बार नहीं है जब राहुल द्रविड़ को आराम दिया गया है, क्योंकि इस साल की शुरुआत में वीवीएस लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे और आयरलैंड दौरे पर कोच की भूमिका निभाई थी। इस बीच, द्रविड़ को बार-बार ब्रेक दिए जाने से भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री बिल्कुल खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा एक कोच को इतना आराम नहीं करना चाहिए, बल्कि खिलाड़ियों को समझने के लिए उनके साथ अधिक से अधिक समय बिताना चाहिए।
पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे स्पष्ट रूप से कहा कि वह ब्रेक में विश्वास नहीं करते हैं, और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान कोच को 2-3 महीने का ब्रेक मिलता है, जो आराम के लिए काफी होता है। रवि शास्त्री की यह टिप्पणी राहुल द्रविड़ को निश्चित ही पसंद नहीं आएगी, हालांकि उन्होंने इस पर अब तक कुछ नहीं कहा है।
रवि शास्त्री ने प्राइम वीडियो पर वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा: “मैं ब्रेक में विश्वास नहीं करता, क्योंकि मैं अपनी टीम को समझना चाहता हूं, मैं अपने खिलाड़ियों को समझना चाहता हूं और मैं टीम के नियंत्रण में रहना चाहता हूं। ये ब्रेक, सच कहूं तो आपको इतने ब्रेक की क्या जरूरत है? आपको आईपीएल के दौरान 2-3 महीने का समय मिलता है, ये आपके लिए एक कोच के रूप में आराम करने के लिए काफी होता है। मुझे लगता है कि एक कोच को जितना संभव हो सकें, उतना टीम के साथ समय बिताना चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।”