क्या टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ हावी रही है आयरलैंड टीम? जाने इसके बारे में यहां
इन दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2009 में मैच खेला गया था जिसमें भारत ने आयरलैंड को 8 विकेट से मात दी थी।
अद्यतन - Jun 4, 2024 3:32 pm

भारत और आयरलैंड के बीच 5 जून को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 का महत्वपूर्ण मैच न्यूयॉर्क के Nassau County International Cricket Stadium में खेला जाएगा। तमाम फैंस इस आगामी मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यही नहीं दोनों ही टीमें इस मुकाबले को अपने नाम जरूर करना चाहेंगी।
बता दें, भारत और आयरलैंड के बीच अभी तक 7 टी20 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें से एक टी20 वर्ल्ड कप में भी खेला गया था। आयरलैंड में हाल ही में तीन मैच की द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थी जिसमें भारत ने 2-0 से जीत दर्ज की थी जबकि एक मैच रद्द हो गया था। इन दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2009 में मैच खेला गया था जिसमें भारत ने आयरलैंड को 8 विकेट से मात दी थी। इस मैच में भारतीय टीम की ओर से जहीर खान ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी।
नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। आयरलैंड की शुरुआत काफी खराब हुई और उन्होंने पावरप्ले में ही अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट खो दिए। जहीर खान ने सलामी बल्लेबाज जेरेमी बे को आउट किया। इसके बाद अनुभवी तेज गेंदबाज ने आयरिश कप्तान विलियम पोटरफील्ड को भी वापस पवेलियन की राह दिखाई। यही नहीं आंद्रे बोथा का विकेट भी जहीर खान ने ही लिया। प्रज्ञान ओझा ने केविन ओ’ब्रायन का विकेट लेकर भारतीय टीम को इस मैच में काफी आगे कर दिया।
18 ओवर के इस मुकाबले में आयरलैंड टीम 8 विकेट खोकर 112 रन ही बना पाई। भारत की ओर से जहीर खान ने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।
रोहित शर्मा ने भारत की ओर से जड़ा शानदार अर्धशतक
उस मुकाबले में गौतम गंभीर और रोहित शर्मा ने भारतीय टीम की ओपनिंग की थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की थी। हालांकि भारत को गौतम गंभीर के रूप में पहला झटका लगा जिन्होंने इस मैच में 37 रन बनाए थे। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी करने आए जिन्होंने 13 गेंदों में 14 रन बनाए। हालांकि इसके बावजूद रोहित शर्मा ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम के लिए 45 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 52 रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली।
बता दें, भारत ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 में अभी तक एक भी मैच नहीं हारा है। इन दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड 7-0 का है। हालांकि आगामी मैच में आयरलैंड टीम इस रिकॉर्ड को पूरी तरह से तोड़ना चाहेगी।