अब तक खेले गए 9 मैचों में जानिए ईशान किशन के हर एक रन की कीमत

मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने ईशान किशन को 15.25 करोड़ की कीमत देकर खरीदा था।

Advertisement

Ishan Kishan. (Photo Source: IPL/BCCI)

ईशान किशन वो एक नाम जो फरवरी के महीने से लेकर अब तक लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। दरअसल, इसी साल फरवरी के महीने में मेगा ऑक्शन का आयोजन किया गया था, जिसमें किशन को उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये की कीमत देकर खरीदा था। जब से किशन को इतने पैसे मिले तब से उनको लेकर क्रिकेट जगत में लगातार बातचीत हो रही है।

Advertisement
Advertisement

बहरहाल, आईपीएल 2022 में अब तक मुंबई इंडियंस ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखकर ऐसा ही लग रहा है कि किशन को इतनी ज्यादा कीमत देकर वापस खरीदने का दांव उन्हीं पर भारी पड़ गया। इतना ही नहीं, अगर इस सीजन आप ईशान किशन द्वारा बनाए गए रनों की तुलना मेगा ऑक्शन में उन्हें मिले पैसों से करेंगे तो उनकी एक-एक रन की कीमत जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

आईपीएल 2022 में ईशान किशन के एक रन की कीमत जानते हैं आप?

ईशान किशन ने इस सीजन अब तक 9 मैचों में 28.13 की औसत और 113. 39 की स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाये हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उस हिसाब से अगर उनके एक रन की कीमत निकाली जाए तो वो लगभग 6.77 लाख रुपये है। इन आंकड़ों को देखकर अब यह कहना गलत नहीं होगा कि इस सीजन ईशान किशन मुंबई इंडियंस के लिए काफी महंगे साबित हो रहे हैं।

हालांकि, मुंबई इंडियंस के पास इस सीजन में खेलने के लिए 5 मैच और बचे हुए हैं, ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बाकी बचे हुए मुकाबलों में यह स्टार ओपनर अपने प्रदर्शन में कुछ सुधार कर पाता है या नहीं।

आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन

आईपीएल 2022 में अगर मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन की बात करें तो टीम के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। रोहित एंड कंपनी को पहले 8 लीग मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा। वहीं, टीम को इस सीजन की पहली जीत अपने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली थी। अब देखना होगा कि टीम अपने बचे हुए मैचों में भी इस जीत की लय को बरकरार रख पाती है या नहीं।

Advertisement