'अब उसके 200 स्ट्राइक रेट का क्या मतलब', राजस्थान रॉयल्स की इस गलती पर बुरी तरह भड़के वीरेंद्र सहवाग - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘अब उसके 200 स्ट्राइक रेट का क्या मतलब’, राजस्थान रॉयल्स की इस गलती पर बुरी तरह भड़के वीरेंद्र सहवाग

शिमरोन हेटमायर पंजाब किंग्स के खिलाफ 36 रन बनाकर रनआउट हो गए थे।

Shimron Hetmeyer Dhruv Jurel Virender Sehwag (Photo Source: Twitter)
Shimron Hetmeyer Dhruv Jurel Virender Sehwag (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 192 रन ही बना पाई। राजस्थान रॉयल्स के मुख्य बल्लेबाज जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पाडिकल सस्ते में पवेलियन लौट गए थे।

राजस्थान रॉयल्स मैनेजमेंट ने शिमरोन हेटमायर जैसे बल्लेबाज को सात नंबर पर भेजा था। हेटमायर जैसे खिलाड़ी को निचले क्रम में देखकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग बहुत खफा नजर आए। वीरेंद्र सहवाग राजस्थान रॉयल्स मैनेजमेंट को इस गलती के लिए जमकर फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं।

उसे खेलने के लिए पर्याप्त गेंदें नहीं मिली- वीरेंद्र सहवाग

राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शिमरोन हेटमायर को बल्लेबाजी क्रम में काफी ज्यादा देरी से भेजा। शिमरोन हेटमायर 200 के स्ट्राइक रेट से 18 गेंदो में एक चौके और 3 छक्कों की मदद से 36 रनों की पारी खेलकर आखिरी ओवर में रन आउट हो गए थे। यह जाहिर है कि अगर शिमरोन हेटमायर बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आते तो राजस्थान रॉयल्स आसानी से जीत हासिल करते हुए नजर आ सकती थी।

वीरेंद्र सहवाग ने राजस्थान रॉयल्स के हार के बाद क्रिकबज पर बात करते हुए कहा, ‘उन्हें बल्लेबाजी करने के लिए पर्याप्त गेंदे नहीं मिली। इस 200 स्ट्राइक रेट का क्या मतलब है? अगर वह नंबर-4 या 5 पर बल्लेबाजी करते, रियान पराग से आगे आते या पाडिकल से पहले भी, वह लेफ्टी भी है। तो उसे बल्लेबाजी करने के लिए और गेंदें मिलती।’

वीरेंद्र सहवाग ने आगे कहा, ‘वे वेस्टइंडीज के लिए नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हैं। उन्होंने भारत में शतक लगाया है, परिस्थितियों को अच्छी तरह से जानते हैं। उन्होंने पिछले साल राजस्थान के लिए योगदान दिया था। और यहां तक कि जब वह दिल्ली कैपिटल्स के साथ थे, तो वह टीम को फाइनल में लेकर गए थे।’ वीरेंद्र सहवाग ने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर हेटमायर क्रम में ऊपर आते तो राजस्थान रॉयल्स शायद मैच जीत सकती थी। लेकिन कप्तान संजू सैमसन और कोच कुमार संगकारा ने बड़ी गलती कर दी।

close whatsapp