हार्दिक पांड्या ने क्रिकेट से लिए लंबे ब्रेक को लेकर कही दिल जीत लेने वाली बात - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या ने क्रिकेट से लिए लंबे ब्रेक को लेकर कही दिल जीत लेने वाली बात

हार्दिक पांड्या ने क्रिकेट से ब्रेक लेने की वजह बताई।

Hardik Pandya (Image Source: Twitter)
Hardik Pandya (Image Source: Twitter)

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस समय बेहद शानदार फॉर्म में हैं। जब से उन्होंने 5 महीने के लंबे ब्रेक से वापसी की है, वह अपनी टीम के लिए लगातार मैच जीताऊ प्रदर्शन कर रहे हैं। आपको बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद हार्दिक पांड्या ने क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था, ताकि वह अपनी फिटनेस और लय पर काम कर सके।

फिर उन्होंने आईपीएल 2022 (IPL 2022) में गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान के रूप में वापसी की, और नई फ्रेंचाइजी को पहले ही सीजन में खिताब दिला दिया, जिसके बाद स्टार क्रिकेटर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आईपीएल 2022 के बाद हार्दिक पांड्या ने दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड सीरीज के दौरान कुछ बेहतरीन पारियां खेली और अब इंग्लैंड दौरे पर अपना जलवा बिखेर रहे है।

हार्दिक पांड्या ने बताई ब्रेक लेने की वजह

स्टार ऑलराउंडर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार अर्धशतक लगाया और साथ ही चार विकेट लिए और टीम इंडिया की 50 रनों की जीत में अहम भूमिका निभाई। हार्दिक पांड्या को उनके इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवार्ड से नवाजा गया।

हार्दिक पांड्या ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा: “मैं इस समय अपने क्रिकेट का आनंद ले रहा हूं, और मेरे लिए यह बहुत ज्यादा मायने रखता है। मुझे लगता है कि खिलाड़ी का अपने खुद के क्रिकेट का मजा लेना बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि जब तक आप अपने खेल का आनंद नहीं लेंगे, मुझे नहीं लगता आप मैदान पर और अपनी टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ दें पाएंगे। फिलहाल, मेरा शरीर ठीक है।

मैंने इतना लंबा ब्रेक इसलिए लिया था ताकि मैं अपनी लय हासिल कर सकूं। मुझे लगता है कि मैंने यह ब्रेक लेकर बहुत सही किया। जब मैं खेल का आनंद नहीं ले सकता, तो हार्दिक पांड्या के खेलने का कोई मतलब नहीं है। मेरे लिए यह प्रयास और तीव्रता के बारे में था, और जब मुझे लगा कि ये मैंने दोबारा हासिल कर लिया है, तो मुझे यह बहुत संतोषजनक लगा।”

close whatsapp