“आंखों से दिखना भी बंद हो गया क्या? अंग्रेजी में सवाल पूछ लिया तो”- हरभजन सिंह ने पाकिस्तानी फैंस को दिखाई औकात
इरफान पठान को ट्रोल कर रहे फैंस को हरभजन ने दिया करारा जवाब।
अद्यतन - अगस्त 2, 2024 3:33 अपराह्न

पूर्व भारतीय दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह इन दिनों पाकिस्तानी फैंस और वहां की मीडिया को ट्रोल करने का एक भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। भज्जी जब भी सोशल मीडिया पर पड़ोसी मुल्क के फैंस के बेतुके पोस्ट देख रहे हैं, उनको वहीं पर करारा जवाब दे रहे हैं।
पिछले दिनों एक पाकिस्तानी पत्रकार ने एमएस धोनी की तुलना मोहम्मद रिजवान से की थी, तब हरभजन सिंह ने उन्हें आड़े हाथों लिया था। अब उन्होंने इरफान पठान को ट्रोल कर रहे एक पाकिस्तानी फैन को लपेटा है।
सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फैन को हरभजन ने दिया करारा जवाब
हरभजन ने इस फैन को ऐसा जवाब दिया है जिसे पढ़ने के बाद शायद ही कोई पाकिस्तानी फैन फिर से किसी भारतीय क्रिकेटर को ट्रोल करने की कोशिश करेगा। दरअसल, बाबर आजम वर्ल्ड नामक एक ‘एक्स’ अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें बाबर आजम मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ लिखा गया है कि,’जब इरफान पठान ने बाबर आजम से इंटरव्यू के लिए विनती की और उन्होंने मना कर दिया।’
हालांकि, इस वीडियो में इरफान पठान कहीं भी नजर नहीं आ रहे हैं। हरभजन सिंह ने इस पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, ‘इस वीडियो में इरफान पठान कहां हैं ?? बोलने की तमीज तो आप लोगों को पहले ही नहीं थी। अब आंखों से दिखना भी बंद हो गया क्या? वैसे भी अगर अंग्रेजी में सवाल पूछ लिया तो पंगे पड़ जायेंगे।’
Where is @IrfanPathan in this video ?? Bolne ki tameez to aap logo ko pehle hi nahi thi. Ab aankho se dikhna bi bandh ho gya kya ? Waise bi agar angreji mai swal pooch liya to pange pad jayenge. https://t.co/0IQpnDEBC4
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) August 1, 2024
हरभजन सिंह के इस कमेंट को कई लोग सपोर्ट कर रहे हैं। वहीं कई फैंस का मानना है कि उन जैसे बड़े खिलाड़ियों को इस तरह से जवाब नहीं देना चाहिए था। बता दें कि अक्सर सोशल मीडिया पर भारत और पाकिस्तान के फैंस आमने-सामने होते रहते हैं। वे अपने-अपने फेवरेट खिलाड़ियों को लेकर बहस करते रहते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है।