MLC 2023: जाने मोहम्मद मोहसिन के बारे में जिन्होंने TSK के लिए LAKR के खिलाफ की बेहतरीन गेंदबाजी
इस मैच में टेक्सास सुपर किंग्स की ओर से मोहम्मद मोहसिन ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 8 रन देकर 4 विकेट झटके।
अद्यतन - जुलाई 14, 2023 4:55 अपराह्न

आज यानी 14 जुलाई से मेजर लीग क्रिकेट 2023 की शुरुआत हो चुकी है। इस टूर्नामेंट के पहले संस्करण का पहला मैच टेक्सास सुपर किंग्स और लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स के बीच में खेला गया था। इस शानदार मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स ने लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स को 69 रनों से करारी शिकस्त दी।
बता दें, टेक्सास सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 181 रन बनाए। टीम की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर ने 42 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी खेली। इस मैच में टेक्सास सुपर किंग्स की ओर से मोहम्मद मोहसिन ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 8 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की वजह से लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स 14 ओवर में 112 रन पर ऑलआउट हो गई।
मोहम्मद मोहसिन ने अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से सुनील नारायण, एडम जंपा, लॉकी फर्ग्यूसन और कॉर्न ड्राई का विकेट झटका। तमाम लोग इस युवा खिलाड़ी के बारे में जानने के लिए बेताब है। आज हम आपको बताते हैं मोहम्मद मोहसिन के बारे में।
युवराज सिंह के काफी बड़े फैन हैं मोहम्मद मोहसिन
बता दें, मोहम्मद मोहसिन का जन्म पेशावर में हुआ था और उन्होंने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू 2015-16 Quaid-e-Azam ट्रॉफी में किया। उनका प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में इतना अच्छा नहीं रहा और वो एक भी विकेट अपने नाम नहीं कर पाए। 3 साल बाद उन्होंने अपना लिस्ट ए डेब्यू किया। मोहम्मद मोहसिन ने पाकिस्तान सुपर लीग 2020 में पेशावर जाल्मी की ओर से खेला। उन्होंने कराची किंग्स के खिलाफ 4 ओवर में 35 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।
मोहसिन पेशावर में इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान स्नातक हैं और उन्होंने बास्केटबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे अन्य खेल भी खेले हैं। वो युवराज सिंह के बहुत बड़े फैन हैं और पिछले साल वाशिंगटन में ही उनकी अपने रोल मॉडल से मुलाकात हुई।
मोहम्मद मोहसिन ने अभी तक 7 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 25.62 के औसत से 8 विकेट अपने नाम किए हैं जबकि लिस्ट में क्रिकेट में उन्होंने 7 मुकाबलों में 8 विकेट हासिल किए हैं। यही नहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 31.90 के औसत से 351 रन भी बनाए हैं।