आखिर 97 नंबर की जर्सी क्यों पहनते हैं सरफराज खान..? पिता नौ-शाद से जुड़ा है सारा का सारा कनेक्शन
सरफराज ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भारत के लिए डेब्यू किया था। डेब्यू टेस्ट मैच सरफराज खान के लिए यादगार था, पहली पारी में सरफराज खान ने 62 और दूसरी पारी में 68 रन बनाए थे।
अद्यतन - Mar 15, 2024 5:47 pm

Why Sarfaraz Khan wears No. 97 Jersey: भारतीय डेब्यू कैप पाने के लिए सरफराज खान (Sarfaraz Khan) को लंबा इंतजार करना पड़ा था। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद भी सरफराज खान के लिए डेब्यू दूर था। इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी तीन टेस्ट मैचों के लिए सरफराज खान का नाम स्क्वॉड में चुना गया था।
सरफराज ने फिर टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट में भारत के लिए डेब्यू किया था। डेब्यू टेस्ट मैच सरफराज खान के लिए यादगार था, पहली पारी में सरफराज खान ने 62 और दूसरी पारी में 68 रन बनाए थे। जिसके बाद अगले दो टेस्ट मैचों में भी सरफराज टीम के लिए अपना योगदान देते हुए नजर आए थे।
सरफराज खान (Sarfaraz Khan) के करियर में उनके पिता का बड़ा योगदान रहा है। तीसरे टेस्ट मैच में जब सरफराज खान को डेब्यू कैप मिली थी, तो उनके पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए थे। सरफराज खान 97 नंबर की जर्सी पहनते है, जिसका कनेक्शन उनके पिता से जुड़ा हुआ है।
97 नंबर के पीछे है खास कहानी
India Today Conclave 2024 में सरफराज खान (Sarfaraz Khan) और ध्रुव जुरेल ने करियर में माता-पिता का योगदान, स्ट्रगल और काफी सारी चीजों को लेकर बातचीत की। इस शो के दौरान सरफराज खान 97 नंबर की जर्सी क्यों पहनते हैं, इसे लेकर भी बातचीत की गई। 97 जिसे इंग्लिश में Ninety Seven और हिंदी में सत्तानवे कहते हैं।
97 को हिंदी में अलग-अलग नौ और सात कहते हैं। सरफराज खान के पिता का नाम नौशाद खान है। 97 को हिंदी में बोलने पर नौ+सात= नौशाद का उच्चारण होता है। इसी वजह से सरफराज खान 97 नंबर की जर्सी पहनते हैं। आपको बता दें सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान भी 97 नंबर की जर्सी पहनते हैं। मुशीर खान ने हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार खेल दिखाया है।
मुशीर खान ने 7 मैचों में 60 के औसत और 2 शतक की मदद से 360 रन बनाए थे। मुशीर खान टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। नौशाद खान ने सरफराज खान के टेस्ट डेब्यू के बाद कमेंट्री बॉक्स में बात करते हुए 97 नंबर की जर्सी के पीछे की कहानी को लेकर राज खोला था।