वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अपनी शानदार पारी के दम पर अक्षर पटेल ने धोनी के इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया
भारतीय टीम ने दूसरे वनडे मैच में 2 विकेट से जीत हासिल करने के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 12वीं द्विपक्षीय सीरीज को अपने नाम किया।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Jul 25, 2022 2:02 pm

वेस्टइंडीज और भारत के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 जुलाई को त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान पर खेला गया। जिसमें ऑलराउंडर खिलाड़ी अक्षर पटेल के बल्ले से मैच विनिंग नाबाद अर्धशतकीय पारी देखने को मिली। जिसके दम पर उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के वनडे क्रिकेट में 17 साल पुराने एक रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
दूसरे वनडे मैच के दौरान एक समय मेजबान वेस्टइंडीज टीम साफतौर पर अपनी पकड़ को काफी मजबूत कर चुकी थी। जिसमें उन्होंने आधी भारतीय टीम को सिर्फ 205 के स्कोर पर ही पवेलियन भेज दिया था। जहां से 312 रनों का लक्ष्य हासिल करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं दिख रहा था, लेकिन ऐसे में अक्षर पटेल ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा मुमकिन कर दिखाया।
अक्षर पटेल ने खुद को शांत रखते हुए लगातार एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। जो उनका वनडे फॉर्मेट में पहला अर्धशतक भी है। वहीं अक्षर ने इस मैच का अंत भी काफी शानदार तरीके से छक्का मारते हुए किया। जिससे सभी को एक बार फिर से धोनी की याद आ गई जो ऐसा ही कुछ करने के लिए पहचाने जाते हैं।
लेकिन अक्षर ने अपनी इस मैच विनिंग पारी के दौरान नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए एक भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सर्वाधिक छक्के भी लगाए। इससे पहले धोनी ने साल 2005 में जिम्बाब्वे के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 छक्के लगाए थे। वहीं ऐसा ही कुछ साल 2011 में पूर्व भारतीय खिलाड़ी यूसुफ पठान ने भी किया था। हालांकि अक्षर ने इन दोनों ही खिलाड़ियों के इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अपनी पारी में 5 छक्के लगाए।
Here's the match-winning knock from @akshar2026. His magical batting earned him the Player of the Match title.
Watch all the action from the India tour of West Indies LIVE, only on #FanCode 👉 https://t.co/RCdQk1l7GU@BCCI @windiescricket #WIvIND #INDvsWIonFanCode #INDvsWI pic.twitter.com/y8xQeUxtK6
— FanCode (@FanCode) July 24, 2022
मैं लगातार ऐसा ही प्रदर्शन आगे भी जारी रखना चाहता हूं
अपनी मैच विनिंग पारी को लेकर अक्षर पटेल ने कहा कि वह आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन गेंद और बल्ले दोनों से जारी रखना चाहेंगे। बता दें कि इस मैच में पहले अक्षर पटेल ने गेंद से 9 ओवर में 40 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया था। इसके बाद बल्ले से नाबाद 64 रनों की पारी खेलते हुए टीम को ना सिर्फ जीत दिलाई बल्कि सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त दिला दी।
अक्षर पटेल ने अपनी शानदार पारी को लेकर कहा कि, यह मेरे लिए काफी खास पारी कही जा सकती है। यह उस समय आई जब टीम को सीरीज अपने नाम करनी थी। हमने ऐसा ही कुछ IPL में किया था। जिसके अनुभव का लाभ आज मुझे इस पारी में मिला। मैं पिछले 5 सालों से वनडे क्रिकेट में खेल रहा हूं और मैं आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखना चाहूंगा।