पहले टी-20 मुकाबले में भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज पर लगा धीमे ओवर रेट के लिए 20% मैच फीस जुर्माना
शिखर धवन की कप्तानी में भारतीय टीम के ऊपर पहले ही मैच फीस का 20% जुर्माना लग चुका है। यह जुर्माना वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में लगाया गया।
अद्यतन - Jul 31, 2022 5:51 pm

29 जुलाई को भारत के खिलाफ खेले जा चुके पहले टी-20 मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने धीमे ओवर रेट बनाए रखने के लिए वेस्टइंडीज टीम पर जुर्माना लगाया है। ICC ने मैच फीस का 20% काट लिया है और निकोलस पूरन ने अपनी गलती मान ली है।
बता दें, भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 190 रन बनाए जिसके जवाब में मेजबान ने इतने ही ओवरों में 8 विकेट खोकर 122 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों के सामने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और यह मुकाबला हार गए।
मेजबान की ओर से शामरह ब्रूक्स ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। वहीं भारतीय टीम की ओर से अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट झटके। भारत ने यह मुकाबला 68 रनों से अपने नाम किया और तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। वेस्टइंडीज ने पूरे 20 ओवर तो खेल लिए लेकिन खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के अनुसार वो दिए हुए समय में अपने ओवरों को पूरा नहीं कर पाए।
ICC के बयान के मुताबिक, “खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सपोर्ट स्टाफ के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, अगर सभी खिलाड़ी दिए गए समय में गेंदबाजी करने में विफल रहते हैं तो उनकी टीम के ऊपर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लग जाता है।
वेस्टइंडीज पहले ही वनडे सीरीज में हार दर्ज कर चुकी है
शिखर धवन की कप्तानी में भारतीय टीम के ऊपर पहले ही मैच फीस का 20% जुर्माना लग चुका है। यह जुर्माना वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में लगाया गया था। यही नहीं इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए आखिरी टेस्ट मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में भी भारतीय टीम के ऊपर मैच फीस का 40% जुर्माना लगाया गया था। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल ने हाल ही में धीमी ओवर रेट के बारे में सख्त नियमों की मांग की थी।
टी-20 सीरीज से पहले वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली थी जिसमें उनको हार का सामना करना पड़ा था। पहला टी-20 मुकाबला भारत ने अपने नाम कर लिया है अब दूसरा और तीसरा मुकाबला सेंट किट्स एंड नेविस क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा और उसके बाद आखिरी दो मुकाबले USA के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क में खेला जाएगा। दोनों टीमें आने वाले मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रही होंगी।