कराची ब्लास्ट के बावजूद PSL 8 सत्र को नहीं रोका जाएगा, खुद PCB अध्यक्ष ने की बड़ी पुष्टि - क्रिकट्रैकर हिंदी

कराची ब्लास्ट के बावजूद PSL 8 सत्र को नहीं रोका जाएगा, खुद PCB अध्यक्ष ने की बड़ी पुष्टि

इस समय PSL में कराची किंग्स और क्वेटा ग्लैडिएटर्स का मुकाबला खेला जा रहा है।

Najam Sethi
Najam Sethi. (Photo Source: Twitter)

17 फरवरी को कराची पुलिस हेडक्वार्टर में आतंकी हमले के बावजूद पाकिस्तान सुपर लीग को नहीं रोका जाएगा और पूरा टूर्नामेंट शेड्यूल के तहत ही खेला जाएगा। इस बात की पुष्टि खुद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष नजम सेठी ने की। बता दें, आतंकवादियों ने आत्मघाती जैकेट पहने हथियार और ग्रेनेड के साथ कराची पुलिस कार्यालय पर हमला कर दिया था।

यह हमला 17 फरवरी को हुआ। इस समय पाकिस्तान में महत्वपूर्ण टूर्नामेंट पाकिस्तान सुपर लीग खेला जा रहा है और अब खिलाड़ियों की सुरक्षा सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए सबसे जरूरी चीज हो गई है। हालांकि PCB अध्यक्ष नजम सेठी ने इस बात की पुष्टि की है कि कड़ी सुरक्षा में यह शानदार टूर्नामेंट शेड्यूल के तहत ही खेला जाएगा।

PCB प्रेस रिलीज के मुताबिक नजम सेठी ने कहा कि, ‘HBL PSL का 8वां सत्र शेड्यूल के तहत ही खेला जाएगा। 17 फरवरी को जो भी दुर्घटना हुई उसका हम सब को दुख है लेकिन यह क्रिकेट से संबंधित नहीं था। हम इस टूर्नामेंट को लेकर काफी बारीकी से काम कर रहे हैं और अपने सभी लोगों से और विदेशी सुरक्षा विशेषज्ञों से बात की है और उसके बाद ही यह फैसला लिया गया है कि क्रिकेट से इसका कोई लेना देना नहीं है और इसी वजह से यह टूर्नामेंट ऐसे ही आगे खेला जाएगा।’

सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा PCB का पहला कर्तव्य है: नजम सेठी

नजम सेठी ने आगे कहा कि, ‘PCB सभी सुरक्षा को गंभीर रूप से लेती है। किसी को कोई परेशानी ना हो इसीलिए सभी टीमों और अधिकारियों को राष्ट्रपति स्तर की सुरक्षा दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले जाने हैं और सभी टीमों और अधिकारियों ने इसकी जमकर प्रशंसा की है कि पाकिस्तान में सुरक्षा के इंतजाम काफी अच्छे किए गए हैं।

सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का पहली कर्तव्य है। तमाम फैंस और क्रिकेट से जुड़े लोग इस लीग का लुफ्त उठाना चाहते हैं और इसी वजह से हम उनका दिल नहीं तोड़ेंगे।’

इस समय PSL में कराची किंग्स और क्वेटा ग्लैडिएटर्स का मुकाबला खेला जा रहा है। कल यानी 19 फरवरी को मुल्तान सुल्तान इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ खेलेगी जबकि कराची किंग्स लाहौर कलंदर्स के खिलाफ मैच खेलेगी।

close whatsapp