Will Pucovski ने अभी भी नहीं छोड़ी ऑस्ट्रेलिया टीम में वापसी की उम्मीद, शेफील्ड शील्ड में जड़ा शतक
भारत के खिलाफ 1 टेस्ट मैच खेल चुका है ये खिलाड़ी
अद्यतन - फरवरी 21, 2024 10:32 पूर्वाह्न

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के 26 वर्षीय युवा क्रिकेटर विल पूकोवस्की (Will Pucovski) ने अभी भी सीनियर टीम में वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है। बता दें कि साल 2021 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले पूकोवस्की ने हाल में ही घरेलू टूर्नामेंट शेफील्ड शील्ड क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
क्रिकेटर ने 19 फरवरी को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में विक्टोरिया की ओर से खेलते हुए न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ 302 गेंदों में 131 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली है। तो वहीं पूकोवस्की की इस दमदार पारी की बदौलत मैच ड्राॅ पर खत्म हुआ। साथ ही इस पारी के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम में अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
विल पूकोवस्की ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि शेफील्ड शील्ड में इस शानदार पारी के बाद सेन रेडियो को दिए एक इंटरव्यू में विल पूकोवस्की ने कहा- इस बात को जानते हैं कि मैं इस समय कहां पर हूं, इस शतक को अपने करियर में टीम में वापसी करने के दूसरे मौके के रूप में देखता हूं। मैं उस सपोर्ट के लिए काफी खुश हूं जो मुझे मेरे राज्य, टीम के साथियों और आस-पास के लोगों से मिला है।
पूकोवस्की ने आगे कहा- मुझे उम्मीद है कि मैं लोगों के उस विश्वास को वापिस कर सकता हूं, जो उन्होंने मुझ पर तब किया था, जब यह करना आसान नहीं होता। मैं करियर के दौरान खुद को छोड़ने के एकदम करीब था। लेकिन मैं खुश हूं, जहां पर मैं आज हूं।
दूसरी ओर, आपको विल पूकोवस्की के क्रिकेटर करियर के बारे में बताएं तो वह अभी तक ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीम के लिए सिर्फ 1 टेस्ट मैच ही खेल पाए हैं। पूकोवस्की ने यह मैच भारत के उस दौरे पर खेला था, जब टीम इंडिया ने साल 2021 में गाबा में ऐतिहासिक जीत हासिल कर, बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज को अपने नाम किया था।