दक्षिण अफ्रीका सीरीज तो बहाना है, अर्शदीप को राहुल द्रविड़ और पारस म्हाम्ब्रे से मिलना है
आईपीएल 2022 में अर्शदीप सिंह ने पंजाब किंग्स के लिए किया था शानदार प्रदर्शन।
अद्यतन - May 31, 2022 8:44 pm

आईपीएल 2022 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद, भारतीय चयनकर्ताओं ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भारत की T20I टीम में जगह दी है। 23 अर्शदीप भी मिले हुए इस मौके को अच्छी तरह से भुनाना चाहते हैं। इस बीच अर्शदीप ने बताया है कि वो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दौरान वो हेड कोच राहुल द्रविड़ और गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
NDTV से बातचीत के दौरान अर्शदीप सिंह ने कहा कि, “मैं अपनी निरंतरता पर काम करना चाहता हूं। मैं और अधिक कंसिस्टेंट होना चाहता हूं। गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे सर होंगे, राहुल द्रविड़ सर होंगे, मैं उनके दिमाग को पढ़ने की कोशिश करूंगा और मैं यह पता लगाने की कोशिश करूंगा कि एक खिलाड़ी को किस मानसिक स्थिति में होना चाहिए।”
इस आईपीएल सीजन में अर्शदीप सिंह ने की शानदार गेंदबाजी
आईपीएल 2022 में 14 मैचों में केवल 10 विकेट लेने के बावजूद, अर्शदीप सिंह काफी प्रभावशाली रहे, खासकर डेथ ओवर्स में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने इस सीजन अधिकतर मौकों पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के लिए डेथ ओवर में गेंदबाजी की, भले ही वहां उनको ज्यादा विकेट नहीं मिले लेकिन इस दौरान उन्होंने रन भी ज्यादा नहीं दिए। आईपीएल 2022 में अर्शदीप की इकॉनमी रेट 7.70 का रहा है।
वहीं अपनी यॉर्कर गेंदबाजी को लेकर अर्शदीप ने कहा कि, “मुझे लगता है कि यह सब कुछ प्रैक्टिस से आता है। यॉर्कर एक ऐसी गेंद है जिसे आप बार-बार अभ्यास करने के बाद सही से सीखते हैं। आप किस दिन कैसा यॉर्कर गेंद फेंकते हैं यह उस दिन के विकेट और आपके माइंडसेट पर डिपेंड करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “इसका श्रेय मेरे गेंदबाजी कोच जसवंत राय और पीबीकेएस के गेंदबाजी कोच डेमियन राइट को जाता है। उन्होंने मेरे साथ बहुत काम किया है, मैच से पहले राइट मुझसे कहते थे कि मुझे गीली गेंद से यॉर्कर गेंदबाजी का अभ्यास करना चाहिए। क्योंकि अगर ओस आती है, तो यॉर्कर मिस होने की संभावना है।”