महिला प्रीमियर लीग 2023: दिल्ली कैपिटल्स ने शुरू की तैयारी, खिलाड़ी का जोश दिखा हाई
WPL 2023 में दिल्ली कैपिटल्स पहला मुकाबला रॉयल चैंलजर्स बैंगलोर के साथ 5 मार्च को खेलेगी।
अद्यतन - फरवरी 27, 2023 4:00 अपराह्न

महिला प्रीमियर लीग की शुरूआत 4 मार्च 2023 से होने वाली है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। सभी फ्रेंचाइजी ने लीग के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। दिल्ली कैपिटल्स ने ऑक्शन में शानदार खिलाड़ियों पर बोली लगाते हुए एक मजबूत टीम बनाई है। साथ ही में DC के खिलाड़ी आगामी सीजन के लिए जोर-शोर से तैयारी भी शुरू कर चुके हैं।
अनुभवी खिलाड़ी WPL के जरिए कर पाएंगे वापसी- पूनम यादव
महिला प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ 5 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेलेगी। टीम इस वक्त मुबंई में जमकर पसीना बहाते हुए नजर आ रही है। इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स की खिलाड़ी पूनम यादव से जब महिला प्रीमियर लीग को लेकर उनकी राय पूछी गई तो उन्होंने कहा, ‘अनुभवी खिलाड़ी महिला प्रीमियर लीग के मंच पर वापसी का दावा ठोकते हुए नजर आएंगे।’
पूनम ने आगे कहा, ‘वहीं युवा खिलाड़ियों को इस मंच पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हम इस लीग में विदेशी खिलाड़ियों से कुछ सीखेंगे और वे भी हमसे सीखेंगे। यह लीग भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाईयों पर लेकर जाएगा।’ बल्लेबाज जासिया अख्तर ने अपने ऑक्शन की कहानी बताते हुए कहा, ‘ऑक्शन वाले दिन टीवी पर मेरा नाम आते ही मैंने टीवी और फोन 15 मिनट के लिए बंद कर दिया।’
जासिया ने आगे कहा, ‘जैसे ही मैंने फोन ऑन किया मेरे भाई का कॉल आया उन्होंने मुझे बताया कि दिल्ली कैपिटलल्स ने मुझे खरीद लिया है। मैंने उसके बाद अपने परिवार वालों से बात की वो बहुत ज्यादा खुश थे। इतने बड़े फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर मैं खुश हूं। मैं मैग लैनिंग और मैरिजैन कैप्प जैसे खिलाड़ी के साथ खेलने के लिए उत्साहित हूं।’
ऑलराउंडर अरुंधत्ति रेड्डी ने भी अपने ऑक्शन की कहानी बताते हुए खुलासा किया कि, पहले राउंड में अनसोल्ड रहने के बाद उन्होंने टीवी बंद कर दिया था। लेकिन फिर साथी खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्ज ने फोन करके उन्हें बताया कि दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीदा है। इस के अलावा अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रही तितास साधु भी महिला प्रीमियर लीग को लेकर अपना उत्साह दिखती हुई नजर आई।