महिला वनडे फॉर्मेट में 250 विकेट हासिल करने वाली पहली गेंदबाज बनी झूलन गोस्वामी - क्रिकट्रैकर हिंदी

महिला वनडे फॉर्मेट में 250 विकेट हासिल करने वाली पहली गेंदबाज बनी झूलन गोस्वामी

महिला वनडे फॉर्मेट में कोई दूसरा गेंदबाज अभी तक 200 विकेट के आंकड़े को भी पार नहीं कर सका है।

Jhulan Goswami. (Photo by Albert Perez/Getty Images)
Jhulan Goswami. (Photo by Albert Perez/Getty Images)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी मैदान पर उतरने के साथ गेंद से लगातार शानदार रिकॉर्ड बनाने का काम कर रही हैं। जिसमें अब वह महिला वनडे फॉर्मेट में 250 विकेट हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। झूलन गोस्वामी ने यह कारनामा न्यूजीलैंड में जारी आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान किया।

जिसमें उन्होंने इंग्लैंड की ओपनिंग बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट को आउट करने के साथ यह कारनामा पूरा किया। वहीं झूलन के बाद महिला वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने के मामले में दूसरे स्थान पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज कैथरीन फिट्जपैट्रिक और वेस्टइंडीज की स्पिन गेंदबाज अनीसा मोहम्मद हैं जिनके नाम पर 180 विकेट दर्ज हैं।

झूलन गोस्वामी ने यह कारनामा अपने 199 वनडे मुकाबले में पूरा किया। वहीं टैमी ब्यूमोंट को LBW आउट करने के साथ उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अपना 41वां विकेट भी हासिल किया। जिसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मुकाबले में झूलन ने लिन फुलस्टन के वनडे वर्ल्ड कप में सर्वाधिक 39 विकेट लेने के कारनामे को पीछे छोड़ते हुए वहां भी पहला स्थान हासिल किया। जिसमें उन्होंने यह मुकाम विंडीज के खिलाफ मुकाबले में अनीसा मोहम्मद का विकेट हासिल करने का साथ पाया था।

यह मैच भारतीय टीम ने 155 रनों के बड़े अंतर के साथ जीता था। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ हुए मुकाबले में भारतीय टीम को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। जिसमें बल्लेबाजों की तरफ से बेहद ही खराब प्रदर्शन देखने को मिला है। वहीं झूलन गोस्वामी ने वनडे फॉर्मेट में टैमी ब्योमेंट को 7वीं बार अपना शिकार बनाया जिसमें कोई भी गेंदबाज उन्हें इससे अधिक बार आउट नहीं कर सका है।

वनडे में 7वीं भारतीय खिलाड़ी 250 विकेट पूरे करने वाली

यदि झूलन गोस्वामी को लेकर बात की जाए तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह 7वीं भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने वनडे फॉर्मेट में अपने 250 विकेट पूरे किए हैं। इसके साथ ही वह भारतीय दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले (334), जवागल श्रीनाथ (315), अजीत अगरकर (288), जहीर खान (269), हरभजन सिंह (265) और कपिल देव (253) के साथ इस क्लब में शामिल हो गई हैं।

साल 2002 में झूलन गोस्वामी ने अपना वनडे डेब्यू इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई के मैदान में किया था। जिसके बाद से अभी तक वह 199 वनडे मैचों में 250 विकेट 21.82 के औसत से हासिल कर चुकी हैं।

यहां पर देखिए महिला वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली गेंदबाज:

खिलाड़ी देश मैच पारियां विकेट
झूलन गोस्वामी भारत 199 198 250*
कैथरीन फिट्जपैट्रिक ऑस्ट्रेलिया 109 109 180
अनीसा मोहम्मद वेस्टइंडीज 139 132 180
शबनीम इस्माइल साउथ अफ्रीका 117 117 168
कैथरीन ब्रंट इंग्लैंड 135 133 164
एलिसा पेरी ऑस्ट्रेलिया 125 122 161

close whatsapp