Women’s World Cup 2025: जारी ताजा आईसीसी रैंकिंग में एश्ले गार्डनर का जलवा, प्रतिका और अलाना को भी बड़ा फायदा
ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर तीनों सूचियों में टॉप-3 में, भारत की प्रतीका रावल और ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग ने भी रैंकिंग में लगाई बड़ी छलांग।
अद्यतन - Oct 28, 2025 9:11 pm

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के लीग चरण के समाप्त होने के साथ ही ताजा आईसीसी महिला खिलाड़ी रैंकिंग्स जारी की गई हैं, जिसमें टूर्नामेंट की चमकती सितारों का दबदबा साफ नजर आया। ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर ने इस अपडेट में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर तीनों श्रेणियों में शीर्ष तीन में जगह बनाई है।
गार्डनर ने इंग्लैंड के खिलाफ 104 रनों की नाबाद पारी खेली थी और 245 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल स्थिति (68/4) से जीत दिलाई थी। इस प्रदर्शन के बाद वह बल्लेबाजों की सूची में छह स्थान की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। गेंदबाजों की रैंकिंग में वे तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि ऑलराउंडर रैंकिंग में वह शीर्ष पर बरकरार हैं।
गार्डनर की साथी खिलाड़ी ऐनेबल सदरलैंड ने भी कमाल दिखाया। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 98 रन बनाए थे और इसके दम पर वह बल्लेबाजी रैंकिंग में 16 स्थान उछलकर करियर के सर्वश्रेष्ठ 16वें स्थान पर पहुंच गई हैं। गेंदबाजी में वह अब सातवें स्थान पर हैं और ऑलराउंडर सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं।
भारत की युवा बल्लेबाज प्रतीका रावल ने लीग चरण में 308 रन बनाए और शानदार फॉर्म में रहीं। हालांकि, टखने की चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। रैंकिंग अपडेट में उन्हें बड़ा फायदा हुआ है। वह बल्लेबाजी में 39वें स्थान से 27वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
इंग्लैंड की एमी जोन्स चार स्थान चढ़कर 9वें और टैमी ब्यूमोंट सात स्थान ऊपर 14वें स्थान पर पहुंची हैं। वहीं, सोफी एक्लेस्टोन गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक पर कायम हैं। चार्ली डीन चार स्थान ऊपर 12वें और ऑलराउंडर सूची में 13वें स्थान पर पहुंची हैं।
ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7 विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया, और इसके चलते वह गेंदबाजी रैंकिंग में पांच स्थान उछलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। दक्षिण अफ्रीका की मरिज़ाने कैप चौथे स्थान पर पहुंचीं, जबकि पाकिस्तान की नाशरा संधू और दक्षिण अफ्रीका की नोनकुलुलेको म्लाबा संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर हैं।
भारत की गेंदबाजों ने भी रैंकिंग में अच्छा सुधार किया है रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, और श्री चरनी क्रमश 19वें, संयुक्त 25वें और 30वें स्थान पर पहुंची हैं।
विशेष रुप से प्रदर्शित वीडियो