WPL 2023: मारिजैन कप्प की बेहतरीन गेंदबाजी का डेन वॉन निकेर्क ने भी उठाया लुफ्त, जमकर किया अपने साथी को चीयर
महिला प्रीमियर लीग 2023 में 11 मार्च को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 10 विकेट से रौंदा।
अद्यतन - Mar 11, 2023 10:52 pm

महिला प्रीमियर लीग 2023 में 11 मार्च को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 10 विकेट से रौंदा। इस मुकाबले में पहले मारिजैन कप्प ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और उसके बाद शेफाली वर्मा की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में जीत दर्ज की।
इस शानदार मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला काफी गलत साबित हुआ और पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 105 रन ही बना पाई। टीम की शुरूआत बेहद खराब रही और उनके लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे। टीम की ओर से किम गार्थ ने 35 गेंदों में तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 32* रन बनाए।
मारिजैन कप्प ने 4 ओवर में 15 रन देकर 5 विकेट झटके। उन्होंने एस. मेघना, हरलीन देओल, एश्ले गार्डनर, सुषमा वर्मा और लौरा वोल्वार्ट का विकेट अपने नाम किया। उन्होंने गुजरात जायंट्स की किसी भी बल्लेबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
बता दें, यह मुकाबला देखने के लिए मारिजैन कप्प की पत्नी डेन वॉन निकेर्क भी आई हुई थी। उन्होंने अपनी साथी का काफी साथ दिया और लगातार चीयर करती रही।
Not even seven overs into the game and Marizanne Kapp gets a five-for.
What a spell 🔥Her partner DvN, who reportedly retired just some time back, watches on. Supreme! 🥺https://t.co/40tB8Qbm2Z pic.twitter.com/8rIIehJhvM
— Samreen (@SamreenRazz) March 11, 2023
शेफाली वर्मा की धुआंधार पारी ने दिल्ली कैपिटल्स को मुकाबला जिताने में की मदद
106 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 7.1 ओवर में इस मुकाबले को अपने नाम किया। टीम की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 28 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से 76* रन की पारी खेली जबकि कप्तान मेग लेनिंग 15 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 21* रन बनाए। दोनों ने किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया।
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स महिला प्रीमियर लीग 2023 की अंक तालिका में दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने अभी तक 4 मुकाबलों में 3 में जीत दर्ज की जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। अगले मुकाबले में भी वो जीत दर्ज करने को देखेंगे।