WPL 2024, BAN-W vs MUM-W: मुंबई इंडियंस ने बैंगलोर को 7 विकेट से हराया

WPL 2024: मुंबई इंडियंस के सामने फिर फिसड्डी साबित हुई स्मृति मंधाना की टीम, बैंगलोर ने 7 विकेट से हारा मैच

मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की।

BAN-W vs MUM-W (Photo Source: WPL Official Website)
BAN-W vs MUM-W (Photo Source: WPL Official Website)

WPL 2024, BAN-W vs MUM-W: महिला प्रीमियर लीग 2024 का 9वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर महिला और मुंबई इंडियंस महिला के बीच खेला गया। मुंबई इंडियंस की कप्तान नेट सिवर-ब्रंट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना पाई थी। मुंबई इंडियंस ने 29 गेंदें शेष रहते हुए ही लक्ष्य का पीछा कर लिया और 7 विकेट से जीत दर्ज की।

WPL 2024: एलिस पैरी ने बैंगलोर के लिए खेली अहम पारी

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को पहला झटका तीसरे ही ओवर में लगा। कप्तान स्मृति मंधाना 9 रन बनाकर ईशी वोंग का शिकार बन गई। जिसके बाद सोफी डिवाइन (9), एस. मेघना (11), और रिचा घोष (7) पवेलियन लौट गई।

एलिस पैरी ने टीम की जिम्मेदारी लेते हुए 38 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 44 रनों की नाबाद पारी खेली। जॉर्जिया वेयरहम ने 20 गेंदों में 27 रन की पारी खेल अहम योगदान दिया। मुंबई इंडियंस के लिए नेट सिवर-ब्रंट और पूजा वास्त्रकार ने 2-2 विकेट लिया। वहीं ईशी वोंग और साइका इशाक के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा।

मुंबई इंडियंस को मिली आसान जीत

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को शानदार शुरूआत मिली। यास्तिका भाटिया और हेली मैथ्यूज के बीच पहले विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई। हेली मैथ्यूज चौथे ओवर में 21 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 26 रनों की पारी खेल सोफी डिवाइन के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। वहीं यास्तिका भाटिया 15 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 31 रनों की पारी खेल 8वें ओवर में श्रेयंका पाटिल के खिलाफ आउट हुई।

कप्तान नेट सिवर-ब्रंट ने 27 रनों की पारी खेली। वहीं अमेलिया कर ने 24 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 40 रनों की नाबाद पारी खेली, और टीम को मैच जीताया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए सोफी डिवाइन, जॉर्जिया वेयरहम और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

close whatsapp