WPL 2024: जेमिमा-जोनासेन के शानदार खेल के आगे औंधे मुंह गिरी मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स ने 29 रनों से जीता मैच - क्रिकट्रैकर हिंदी

WPL 2024: जेमिमा-जोनासेन के शानदार खेल के आगे औंधे मुंह गिरी मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स ने 29 रनों से जीता मैच

दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 29 रनों से जीत दर्ज की।

Delhi Capitals Women Team (Photo Source: WPL Official Website)
Delhi Capitals Women Team (Photo Source: WPL Official Website)

WPL 2024, DEL-W vs MUM-W: महिला प्रीमियर लीग 2024 का 12वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन बोर्ड पर लगाए। मुंबई इंडियंस की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 163 रन ही बना पाई और दिल्ली ने 29 रनों से जीत दर्ज की।

WPL 2024: जेमिमा रोड्रिग्स ने खेली शानदार पारी

दिल्ली कैपिटल्स को मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने शानदार शुरूआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई। शेफाली वर्मा ने 12 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 28 रनों की पारी खेली। शेफाली वर्मा पांचवें ओवर शबनम इस्माइल के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। मेग लैनिंग ने 38 गेंदों में 6 चौके और 2 छ्क्के की मदद से 53 रन की पारी खेली।

जेमिमा रोड्रिग्स ने 33 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 69 रन की पारी खेली। जिसके बल पर दिल्ली कैपिटल्स ने 192 रन बोर्ड पर लगाए। मुंबई इंडियंस के लिए शबनम इस्माइल, साइका इशाक और हेली मैथ्यूज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने दिखाया कमाल

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को झटके जल्दी लगे। पहले ही ओवर मारिजैन कप्प ने यास्तिका भाटिया को 6 रन पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। जिसके बाद दूसरे ओवर में शिखा पांडे ने नेट सिवर-ब्रंट को 5 रन पर आउट किया। मारिजैन कैप्प ने फिर तीसरे ओवर में हरमनप्रीत कौर को निशाना बनाया। हरमनप्रीत कौर मात्र 6 रन बना पाई।

अमनजोत कौर ने 27 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 42 रनों की सर्वाधिक पारी टीम के लिए खेली। अमेलिया कर (17), पूजा वस्त्राकर (17) और एस. सजना ने (24) रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए जेस जोनासेन ने 4 ओवर में 21 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किया, वहीं मारिजैन कप्प ने 2 विकेट लिया। इनके अलावा शिखा पांडे, तितास साधू और राधा यादव के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा।

close whatsapp