WTC 2023 Final: स्लो ओवर रेट के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया पर लगा बड़ा जुर्माना
भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल पर भी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है।
अद्यतन - Jun 12, 2023 1:13 pm

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 का फाइनल लंदन के द ओवल में खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रनों से करारी शिकस्त दी। हालांकि स्लो ओवर रेट के लिए भारत पर 100% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है जबकि ऑस्ट्रेलिया पर मैच फीस का 80% जुर्माना लगा है।
रिची रिचर्ड्सन जो एमिरेट्स ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी है उन्होंने भारत पर यह प्रतिबंध तब लगाया जब टीम ने दिए गए समय पर पूरे ओवर नहीं फेंके। बता दें, भारत ने दिए गए समय पर 5 ओवर कम फेंके थे जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 4 ओवर कम फेंके थे।
ICC की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता के न्यूनतम ओवर गति अपराध से संबंधित अनुच्छेद 2.22 के अनुसार खिलाड़ियों पर निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने के लिए मैच फीस का 20% जुर्माना लगाया गया है। दोनों टीमों के कप्तान रोहित शर्मा और पैट कमिंस ने अपनी इस गलती को माना है और इसी वजह से इस पर और बहस नहीं की जाएगी और दोनों को यह जुर्माना पूरा देना होगा।
शुभमन गिल पर भी लगाया गया 15% मैच फीस का जुर्माना
यही नहीं भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल पर भी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने ICC आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन किया था। दरअसल शुभमन गिल को खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.7 के उल्लंघन का दोषी पाया गया जिसका मतलब यह है कि, ‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जो कुछ भी हुआ हो आप उसको लेकर लोगों के बीच में कोई भी बातचीत नहीं कर सकते और किसी भी तरह का कमेंट नहीं कर सकते।’
यही नहीं युवा खिलाड़ी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड (Discliplinary Record) में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है। भारतीय टीम को इन सब से काफी बड़ा झटका लगा है क्योंकि पहले ही वो इस बात से काफी निराश थे कि टीम ने फाइनल में काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया।
बता दें, खेल के चौथे दिन कैमरुन ग्रीन ने शुभमन गिल का विवादित कैच पकड़ा था जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस विकेट को लेकर एक स्टोरी साझा की थी। शुभमन गिल ने भी अपनी गलती मान ली है और इसीलिए उन पर भी कोई भी बातचीत नहीं की जाएगी।