WTC फाइनल के लिए रवि शास्त्री ने चुनी भारत की प्लेइंग XI, जानें किसे किया टीम से बाहर और किसे किया शामिल
रवि शास्त्री ने कहा कि, अगर पिच कठोर और सूखी हुई रही तो आपको दो स्पिनर्स के साथ जरूर खेलना चाहिए।
अद्यतन - May 24, 2023 10:40 pm

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 जून से इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा। इन दोनों ही टीमों ने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। WTC फाइनल के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है, जिसमें चोट के कारण केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल नहीं हैम।
इस बीच टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने WTC फाइनल को लेकर अपनी प्लेइंग चुनी है। साथ ही उनका कहना है कि इंग्लैंड में मौसम का मिजाज बदलता रहता है। ऐसे में भारत को दो स्पिनर्स को जरूर टीम में शामिल करना चाहिए।
टीम इंडिया को दो स्पिनर्स के साथ जरूर खेलना चाहिए- रवि शास्त्री
रवि शास्त्री ने ‘द आईसीसी रिव्यू’ पर कहा, अगर पिच कठोर और सूखी हुई रही तो आपको दो स्पिनर्स के साथ जरूर खेलना चाहिए। इंग्लैंड में मौसम का रोल भी काफी अहम होने वाला है। मुझे यकीन है अभी वहां धूप खिली होगी, लेकिन आपको इंग्लैंड का मौसम पता है कि जून में कैसे बदलता रहता है। तो यहां बहुत अच्छा चांस है कि भारत दो स्पिनर्स, दो तेज गेंदबाज और एक ऑलराउंडर के साथ जा सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, इसके अलावा टीम में पांच बल्लेबाज और एक विकेटकीपर को शामिल करें। अगर ओवल में सब सामान्य रहा तो यह मेरी कॉम्बिनेशन है। इसके साथ ही उन्होंने अजिंक्य रहाणे को लेकर भी बात की। उनका कहना है कि रहाणे ने WTC फाइनल के लिए टीम में यह जगह खुद कमाई है।
रवि शास्त्री ने कहा कि, जिस तरह से उन्होंने गेंद को टाइम किया, जिस तरह से वह टी-20 क्रिकेट को अलग नजर से देख रहे हैं। उन्होंने WTC के लिए अपनी जगह टीम में कमाई है। हालांकि अब आपको देखना होगा कि अंतिम प्लेइंग XI क्या हो सकती है।
WTC फाइनल के लिए रवि शास्त्री की प्लेइंग XI इस प्रकार है-
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा, केएस भरत (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।