यशस्वी जायसवाल ने ईरानी कप में रचा इतिहास, तोड़ा शिखर धवन का सालों पुराना रिकॉर्ड
ईरानी कप में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं यशस्वी जायसवाल।
अद्यतन - Mar 4, 2023 5:55 pm

युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने ईरानी कप में इतिहास रच डाला है। पहली पारी में दोहरा शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में भी 144 रनों की पारी खेली। बता दें मुंबई के इस युवा बल्लेबाज ने रेस्ट ऑफ़ इंडिया के लिए खेलते हुए पहली पारी में दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने 259 गेंदों में 213 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं एक बार फिर से यशस्वी जायसवाल ने अपने बल्ले से धमाल मचा दिया है।
यशस्वी जायसवाल ने तोड़ा शिखर धवन का रिकॉर्ड
ईरानी ट्रॉफी में रेस्ट ऑफ इंडिया और मध्य प्रदेश के बीच चल रहे मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने पहली पारी में दोहरा शतक लगाने के बाद दूसरी पारी में 16 चौके और 3 छक्के की मदद से 144 रन बनाए। इसके साथ ही यशस्वी जायसवाल ने टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
दरअसल साल 2011 में धवन ने भी रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए ही यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने पहली पारी में 177 और दूसरी पारी में 155 रन बनाए थे। दोनों पारियों में शिखर धवन का स्ट्राइक-रेट 100 से अधिक था। लेकिन इस रिकॉर्ड को यशस्वी जायसवाल ने तोड़ दिया है और वह ईरानी कप के एक मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
15 मैचों में यशस्वी जायसवाल लगा चुके हैं 9 शतक
बता दें यशस्वी जायसवाल का यह 15वां फर्स्ट क्लास मैच है और वह अब तक 9 शतक लगा चुके हैं। साल 2019 में मुंबई के लिए यशस्वी ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। फिर साल 2020 में 32 लिस्ट ए मैचों में भी उनके नाम 5 शतक हैं। इतना ही नहीं इसमें 203 रनों की पारी भी शामिल है। वहीं ईरानी कप में बेहतरीन बल्लेबाजी से यशस्वी जायसवाल ने रेस्ट ऑफ इंडिया को मजबूत स्थिति में भी पहुंचा दिया।