Asian Games 2023: यशस्वी जायसवाल का शानदार शतक, भारत ने नेपाल के सामने रखा पहाड़ जैसा लक्ष्य
नेपाल के खिलाफ मैच में यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शानदार शतक।
अद्यतन - Oct 3, 2023 8:48 am

चीन के हांगझाओ में खेले जा रहे एशियन गेम्स (Asian Games 2023) में क्रिकेट का रोमांच जारी है। आज भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने भी टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज किया। पहले क्वार्टर फाइनल में भारत और नेपाल की टीम आमने-सामने है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए।
भारत की तरफ से युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने एक बेहतरीन शतकीय पारी खेली और अपने करियर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। यशस्वी और रिंकू सिंह (15 गेंद 37) ही ऐसे बल्लेबाज रहे, जो तेजी से रन बनाने में कामयाब हुए और इन दोनों बल्लेबाजों के बदौलत ही भारत 200 के पार पहुंचने में कामयाब रहा।
यशस्वी जायसवाल ने जड़ा अपने करियर का पहला T20I शतक
भारत ने नेपाल के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की तरफ से युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ बल्लेबाजी करने उतरे। गायकवाड़ महज 25 रन बनाकर चलते बने जबकि तिलक वर्मा (2) भी दहाई का आंकड़ा पार करने में कामयाब नहीं हुए। लेकिन यशस्वी जायसवाल एक छोर से नेपाल के धागे लगातार खोलते नजर आए।
यशस्वी ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक रूख अपनाया और नेपाल के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद, 48 गेंदों में अपना पहला शतक लगाने में कामयाब रहे और टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बने। वह 49 गेंदों में अपना शतक पूरा करके आउट हुए, इस दौरान उन्होंने आठ चौके और सात छक्के लगाए।
बात करें नेपाल की गेंदबाजी की तो उनके गेंदबाजों ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया। टीम की तरफ से दीपेंद्र सिंह ने 2 विकेट लिए। उन्होंने पहले कप्तान गायकवाड़ को सस्ते में चलता किया। इसके बाद जायसवाल को शतक पूरा करते ही पवेलियन भेजा, दीपेंद्र के अलावा संदीप लामिछाने और सोमपाल कामी को भी 1-1 विकेट मिला।
यह भी पढ़ें: World Cup 2023: BAN v ENG: बारिश से बाधित मैच में शाकिब अल हसन की टीम को मिली हार, इंग्लैंड ने धोया