“आपको उसी तलवार से काटा जा रहा है जिससे आप काटते हैं”- जयसवाल की बल्लेबाजी को देख बोला ये पूर्व क्रिकेटर
यशस्वी जायसवाल ने दूसरे T20I में 11 गेंदों में 18 रन बनाए।
अद्यतन - अगस्त 21, 2023 5:41 अपराह्न

आयरलैंड और भारत के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच डबलिन के मैलाहाइड में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन उसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। जयसवाल ने इस मैच में 11 गेंदों पर 18 रन बनाए और क्रेग यंग की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट हुए।
इस मैच में जिस तरह से यशस्वी जायसवाल आउट हुए उसको लेकर आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो शॉट खेलकर जायसवाल आउट हुए उसी पर वो काफी अधिक रन भी बनाते हैं। चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में भारत की पारी को लेकर बात की। रिंकू सिंह को उनकी साहसिक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन वह जयसवाल के आउट होने से थोड़ा निराश थे।
यशस्वी जायसवाल की पारी को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
उन्होंने कहा कि, “यशस्वी जयसवाल बड़े-बड़े शॉट मारने की कोशिश कर रहे थे और वह एक बार फिर शॉर्ट गेंद पर आउट हो गए। वह शॉर्ट गेंदों पर छक्के लगा रहे हैं लेकिन शॉर्ट गेंदों पर भी आउट हो रहे हैं। आप उसी तलवार से कट रहे हैं जिसका इस्तेमाल आप काटने के लिए करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “यह एक आग है जिसे आप जलाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन कभी-कभी आप खुद भी जल जाते हैं। इसलिए यशस्वी को यह बात ध्यान में रखनी होगी। अच्छी बात यह है कि उनकी खेलने की शैली बिल्कुल सही है। वह अच्छी बल्लेबाजी करते हैं और शालीनता से हिट करते हैं।
इसी बीच तिलक वर्मा जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत की थी। उनको अब लगातार दो मैचों में असफलताओं का सामना करना पड़ा है। आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20I में वह गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। वहीं रविवार को खेले गए दूसरे टी-20 मैच में वह सिर्फ एक रन ही बना सके।