ये कैसी बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं रिजवान, बोले- IPL से बड़ा है PSL…
पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने दोनों लीग की तुलना की है।
अद्यतन - Dec 16, 2022 11:17 am

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के आठवें संस्करण का ड्राफ्ट गुरुवार को तैयार हुआ। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के कई दिग्गज खिलाड़ियों के साथ-साथ लीग से जुड़े पूर्व क्रिकेटरों ने भी भाग लिया था। इसी क्रम में कार्यक्रम में पाकिस्तान के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान भी शामिल हुए। रिजवान वर्तमान में मुल्तान सुल्तान के कप्तान हैं और उन्होंने टूर्नामेंट के 2021 संस्करण में अपनी फ्रेंचाइजी को पीएसएल खिताब दिलाया था।
ड्राफ्ट से पहले, रिजवान ने पीएसएल और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संबंध में एक बड़ा बयान दिया, जिसको लेकर अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि, आईपीएल दुनिया की पहली बड़ी टी-20 लीग थी जिसकी शुरुआत 2008 में हुई थी। लेकिन रिजवान का मानना है कि इस समय पाकिस्तान सुपर लीग दुनिया की सबसे कठिन टी-20 लीग में से एक है।
पीएसएल को लेकर रिजवान का अजीबोगरीब बयान
इसी कार्यक्रम में आईपीएल और पीएसएल की तुलना पर मोहम्मद रिजवान ने कहा, ‘हम कहते थे कि आईपीएल है, अब अगर आप उन खिलाड़ियों से पूछते हैं जो यहां खेलकर वापस जाते हैं, तो वो कह रहे हैं कि दुनिया की सबसे कठिन लीग जो है वो है पाकिस्तान की है क्योंकि इसमें कोई अगर रिजर्व खिलाड़ी भी होता है तो इंटरनेशनल मैच में बाहर बैठा होता है।’
रिजवान ने आगे कहा कि, “जाहिर है, हर कोई जानता है कि पीएसएल ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। शुरुआत में कहा गया था कि यह सफल नहीं होगा और चीजें अलग नहीं होंगी। एक खिलाड़ी के रूप में, हमने यह भी महसूस किया कि इसने दुनिया भर में अपना नाम बनाया है।”
कई मायनों में पीएसएल से आगे है आईपीएल
आपको बता दें कि पीएसएल की तुलना में आईपीएल में 10 टीमें शामिल हैं। पीएसएल महज छह टीमों पर आधारित लीग है। आईपीएल में खेलने के लिए खिलाड़ी इंटरनेशनल मैच तक छोड़ने के लिए भी तैयार हो जाते हैं। इस बीच पीएसएल की टीम पेशावर जाल्मी ने अपनी टीम के लिए एक नया कप्तान नियुक्त किया है। उन्होंने वहाब रियाज की जगह बाबर आजम को कप्तान बनाया है।