रणजी ट्रॉफी में डेब्यू शतक से एक दिन पहले बेटे अर्जुन से हुई बातचीत का सचिन तेंदुलकर ने किया खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

रणजी ट्रॉफी में डेब्यू शतक से एक दिन पहले बेटे अर्जुन से हुई बातचीत का सचिन तेंदुलकर ने किया खुलासा

मुंबई का साथ छूटते ही अर्जुन तेंदुलकर गोवा के साथ चख रहे हैं सफलता का स्वाद।

Sachin Tendulkar and Arjun Tendulkar (Image Source: Twitter)
Sachin Tendulkar and Arjun Tendulkar (Image Source: Twitter)

गोवा के ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर 14 दिसंबर को अपने पिता सचिन तेंदुलकर के रणजी ट्रॉफी डेब्यू में शतक बनाने के कारनामें को दोहराने के बाद जमकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। आपको बता दें, अर्जुन ने जारी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में गोवा के पहले मैच के दूसरे दिन राजस्थान के खिलाफ 207 गेंदों में 120 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को एलीट ग्रुप सी मैच में 547/9 का मजबूत स्कोर खड़ा करने में मदद की।

युवा ऑलराउंडर ने अपनी इस यादगार पारी के दौरान 16 चौके और 2 छक्के लगाए। बता दें, अर्जुन के पिता और भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने साल 1988 में गुजरात के खिलाफ अपना पहला रणजी ट्रॉफी शतक बनाया था, जब वह सिर्फ 15 वर्ष के थे। अब, उनके बेटे ने अपने रणजी ट्रॉफी डेब्यू में शतक लगाकर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले पूर्व कप्तान को गौरवान्वित किया है।

इस बीच, सचिन तेंदुलकर की अपने बेटे के पहले प्रथम श्रेणी शतक पर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है, जो निश्चित ही दिल को छू लेने वाली है। दरअसल, उन्होंने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए अपने पिता रमेश तेंदुलकर को लेकर एक पुराने किस्से को याद किया। सचिन तेंदुलकर ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा मुझे अब भी याद मेरे पिता ने अपने दोस्त से कहा था ‘यह मेरे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है’ जब उन्होंने उनसे पूछा था कि ‘तुम्हें कैसा लग रहा है सचिन के पिता के रूप में जाने जाना?’ ये उस समय की बात है जब मैंने भारत के लिए खेलना शुरू किया था।

सचिन तेंदुलकर ने रणजी शतक से एक दिन पहले अर्जुन से हुई बातचीत का खुलासा किया

हर पिता चाहते हैं कि उनके बच्चों ने जो कुछ किया है, उसके द्वारा उन्हें पहचाना जाए। एक पिता के लिए अपने बच्चे के कारनामें के कारण जाना जाना बहुत ही गर्वित कर देने वाला क्षण होता है। अर्जुन का बचपन सामान्य नहीं रहा है। एक क्रिकेटर का बेटा होना आसान नहीं होता है। यही कारण है कि जब मैं रिटायर हुआ और मुझे मुंबई में मीडिया द्वारा सम्मानित किया गया, तो मेरा उनके लिए संदेश था कि अर्जुन को क्रिकेट से प्यार करने दें, उसे वह मौका दें।

इस बीच, तेंदुलकर ने अपने बेटे के पहले प्रथम श्रेणी शतक से एक रात पहले अर्जुन के साथ हुई अपनी चर्चा का खुलासा किया। उन्होंने अंत में कहा अर्जुन लिए यह सफर आसान नहीं रहा, उसके लिए अब तक काफी मुश्किल सफर रहा है। मैंने अर्जुन से 100 रन बनाने के लिए कहा था। वह 4 नॉट आउट पर बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्हें नाइटवॉचमैन के रूप में बल्लेबाजी करने भेजा गया था। अर्जुन ने मुझसे पूछा, ‘आपको क्या लगता है कि एक अच्छा टोटल क्या होगा?’ उनका स्कोर 210/5 था। मैंने कहा, ‘आपको कम से कम 375 बनाना होगा’ और उन्होंने कहा, ‘क्या आपको यकीन है?’ मैंने जवाब दिया, ‘हां। आपको शतक लगाने की आवश्यकता है। क्या आपको विश्वास है कि आप 100 रन बना सकते हैं?’ और उसने कर दिखाया।

close whatsapp