IPL 2022: महेंद्र सिंह धोनी की सलाह ने मेरे अंदर आत्मविश्वास पूरी तरह से बढ़ा दिया था: मुकेश चौधरी
मुकेश चौधरी के लिए IPL 2022 का संस्करण काफी अच्छा रहा और उन्होंने 13 मुकाबलों में 16 विकेट चटकाए।
अद्यतन - जुलाई 31, 2022 8:59 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके छक्के मारने और विकेटकीपिंग कला के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से भारतीय टीम को और IPL में चेन्नई सुपर किंग्स को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है।
महेंद्र सिंह धोनी को ‘कैप्टन कूल’ भी कहा जाता है और तमाम युवा खिलाड़ी उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। धोनी भी युवा खिलाड़ियों को सलाह देने से पीछे नहीं हटते हैं। जब भी कोई युवा क्रिकेटर उनसे बल्लेबाजी या क्रिकेट की कोई भी चीज पूछने आता है तो वो उनसे काफी देर तक बातें करते हैं और उन्हें काफी कुछ बताते हैं। सिर्फ मैदान के अंदर ही नहीं मैदान के बाहर भी धोनी के सैकड़ों प्रशंसक हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय टीम और IPL में CSK का नेतृत्व करते हुए तमाम युवा खिलाड़ियों को अपनी-अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया है। इन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं मुकेश चौधरी जिन्होंने 2022 संस्करण में CSK की ओर से अपना IPL डेब्यू किया था।
उन्होंने धोनी की कप्तानी में खेलने का अनुभव साझा किया साथ ही ये भी बताया कि धोनी ने उनका बहुत साथ दिया है। जब वो अपने खराब फॉर्म से जूझ रहे थे तब धोनी ने उनको याद दिलाया कि सभी खिलाड़ी इस समय से गुजरते हैं इसलिए चिंता ना करें और अपना बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखें।
मैं काफी सम्मानित महसूस करता हूं: मुकेश चौधरी
मुकेश चौधरी ने chennaisuperkings.com में कहा कि, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं CSK के लिए खेलूंगा। जब मैं पहली बार टीम बस में था तब धोनी ने मेरे कंधे पर हाथ रखा और मैं एकदम ऐसा हो गया कि, ‘ये मेरे साथ हो रहा है’ और मुझे अपने ऊपर काफी गर्व हुआ।
शुरुआती दो मुकाबलों में मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था। इसी वजह से मैं धोनी से मुकाबलों के बीच में हर रोज बात करता था। धोनी ने मुझसे बोला कि बस अपने ऊपर भरोसा करो और चाहे कुछ भी हो बुरे समय के बारे में ज्यादा ना सोचो। ऋतुराज गायकवाड़ मेरे दोस्त हैं इसलिए वह मेरे साथ हमेशा रहते हैं और मुझे हमेशा सपोर्ट करते हैं। उन्होंने मुझसे कहा कि,’तुम्हारे पास सब है बस अपने ऊपर भरोसा करो। सभी खिलाड़ी इस समय से गुजरते हैं इसलिए उसके बारे में ज्यादा ना सोचो।
इसके बाद हमारा मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) से हुआ और मैंने विश्वास के साथ गेंदबाजी की। ये प्रदर्शन सभी को अच्छा लगा। मुकेश चौधरी के लिए IPL 2022 का संस्करण काफी अच्छा रहा और उन्होंने 13 मुकाबलों में 16 विकेट चटकाए। उन्होंने MI के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का विकेट अपने नाम किया।
उन्होंने टीम के कप्तान रोहित शर्मा और इशान किशन को पहले ही ओवर में आउट किया और उसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस को भी जल्द ही चलता किया।