देश के मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव ने एम्स में ली आखिरी सांस, तमाम क्रिकेटरों ने ट्विटर के जरिए किया उनको याद - क्रिकट्रैकर हिंदी

देश के मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव ने एम्स में ली आखिरी सांस, तमाम क्रिकेटरों ने ट्विटर के जरिए किया उनको याद

लगभग 40 दिन पहले राजू श्रीवास्तव को वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा था और तब से वो दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे।

raju shrivastav (source-twitter)
raju shrivastav (source-twitter)

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का आज 21 सितंबर को 58 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। लगभग 40 दिन पहले उन्हें वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा था और तब से वो दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर सुनते ही तमाम लोग स्तब्ध रह गए हैं।

किसी को यकीन ही नहीं हो रहा है कि राजू श्रीवास्तव अब हमारे बीच में नहीं है। रिपोर्ट्स की माने तो बुधवार (21 सितंबर) की सुबह उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया था जिसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया। पहले उन्होंने रिस्पॉन्ड किया लेकिन फिर उनका निधन हो गया।

उनके निधन की खबर सुनने के बाद क्रिकेट जगत ने उन्हें अच्छे कामों के लिए याद किया और उनके निधन पर शोक जताया। सुरेश रैना, शिखर धवन, आकाश चोपड़ा, क्रुणाल पांड्या, वीरेंद्र सहवाग सहित कई अन्य लोगों ने अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

क्रिकेट जगत के तमाम लोगों ने राजू श्रीवास्तव को किया याद:

राजू श्रीवास्तव का सफर:

राजू श्रीवास्तव का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में 25 दिसंबर 1963 को हुआ था। बचपन में उनका नाम सत्य प्रकाश श्रीवास्तव था। राजू को कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से पहचान मिली थी। काफी लोग उन्हें ‘गजोधर भैया’ के नाम से भी जानते थे।

उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’ और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी कुछ फिल्मों में भी काम किया है। राजू श्रीवास्तव ने कॉमेडी के अलावा भी अन्य जगहों पर हाथ आजमाएं। उन्होंने टीवी के मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस-3 में भी हिस्सा लिया था। इसके बाद वो कॉमेडी शो महामुकबाला सीजन 6 और नच बलिए जैसे शो में भी नजर आएं।

राजू श्रीवास्तव अमिताभ बच्चन के बहुत बड़े फैन थे। अमिताभ की एक्टिंग का उनपर बहुत असर पड़ा। उन्होंने अमिताभ की तरह एक्टिंग करना, बोलना, उठना-बैठना सब शुरू कर दिया। उन्हें अमिताभ बच्चन की मिमिक्री के लिए पहली बार 50 रुपये का इनाम भी मिला था। राजू श्रीवास्तव बेहतरीन कॉमेडियन में से एक थे। उनको तमाम लोग प्यार करते थे और उनके जाने से बॉलीवुड में सन्नाटा पसर गया है।

close whatsapp