मोहम्मद सिराज की खराब फील्डिंग को देख जडेजा ने तेज गेंदबाज को लगाई फटकार, सुनील गावस्कर ने रखा अपना पक्ष - क्रिकट्रैकर हिंदी

मोहम्मद सिराज की खराब फील्डिंग को देख जडेजा ने तेज गेंदबाज को लगाई फटकार, सुनील गावस्कर ने रखा अपना पक्ष

इस महत्वपूर्ण मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में सभी विकेट खोकर 269 रन बनाए।

IND vs AUS (Pic Source- Twitter)
IND vs AUS (Pic Source- Twitter)

इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चेन्नई के एम.ए.चिदंबरम स्टेडियम में तीसरा और अंतिम वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में सभी विकेट खोकर 269 रन बनाए। तीसरे वनडे के दौरान भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपना आपा खोते हुए देखा गया जब टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का एक मुश्किल कैच छोड़ा।

जडेजा ने एक बहुत ही अच्छी गेंद फेंकी जिसको डेविड वॉर्नर समझ नहीं पाए और गलत शॉट खेल बैठे। गेंद काफी देर तक हवा में रही। सिराज ने भी काफी दूरी कवर की और एक बेहतरीन डाइव लगाई लेकिन इस कैच को वो पकड़ नहीं पाए। जडेजा सिराज की इस मेहनत से खुश नहीं लगे और उन्होंने तेज गेंदबाज को जमकर फटकार लगाई। हालांकि यह बात पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर को बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगी।

कमेंट्री करते समय उन्होंने सिराज का पक्ष लिया और ऑन-एयर इसको मुश्किल कैच कहा। उन्होंने जडेजा को यह भी नसीहत दी कि जरूरी नहीं हर कोई उनके जैसा फील्डिंग कर सके।

https://twitter.com/MainDheetHoon69/status/1638480371804409866?s=20

यह सच में बहुत ही मुश्किल कैच था: सुनील गावस्कर

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक सुनील गावस्कर ने कहा कि, ‘सिराज को हमने काफी सालों से देखा है। पिछले 2-3 सालों में उनकी फील्डिंग स्तर इतना अच्छा नहीं रहा है। यह सच में बहुत ही मुश्किल कैच था। भारतीय तेज गेंदबाज ने भी काफी देरी से शुरुआत की और उन्हें आखिर में डाइव लगानी पड़ी। जडेजा को भी यह बात समझनी चाहिए। सब उनकी जैसी फील्डिंग नहीं कर सकते। जडेजा की फील्डिंग का स्तर बहुत ही ऊंचा है।’

ऑस्ट्रेलिया की ओर से इनफॉर्म बल्लेबाज मिचल मार्श ने 47 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन की पारी खेली जबकि ट्रेविस हेड ने 31 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। एलेक्स केरी ने 46 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन की पारी खेली। डेविड वॉर्नर ने 23 रन का योगदान दिया।

close whatsapp