क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी, इंटरनेशनल मास्टर्स लीग में इंडिया मास्टर्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे युवराज सिंह
यह टूर्नामेंट 22 फरवरी से 16 मार्च तक खेला जाएगा।
अद्यतन - Feb 1, 2025 2:22 pm

भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह को इंटरनेशनल मास्टर्स लीग में इंडिया मास्टर्स की ओर से खेलते हुए देखा जाएगा। बता दें कि, यह टूर्नामेंट 22 फरवरी से 16 मार्च तक खेला जाएगा।
युवराज सिंह की बात की जाए तो उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर में गिना जाता है और अपने खेल के दिनों में उन्होंने टीम इंडिया को कई महत्वपूर्ण मैच में अकेले अपने दम पर जीत दिलाई है। यही नहीं आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2007 में इस धाकड़ खिलाड़ी ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में छह छक्के जड़े थे। यही नहीं आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2011 में युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उन्होंने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में टीम इंडिया की ओर से सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
क्रिकेट फील्ड में खिलाड़ी के रूप में वापसी करते हुए युवराज सिंह ने बड़ा बयान दिया। युवराज सिंह ने कहा कि, ‘सचिन तेंदुलकर और अपने पुराने टीम के साथियों के साथ फील्ड पर वापस खेलने के लिए मैं बेताब हूं। मैं फिर से उन शानदार दिनों को जीना चाहता हूं। इन सब के साथ मैंने खेला है और मैं फिर से उन यादों को ताजा करना चाहता हूं। IML काफी अच्छा टूर्नामेंट है और मुझे पूरा भरोसा है कि आगामी टूर्नामेंट में मैं अच्छा प्रदर्शन करता हुआ नजर आऊंगा।’
युवराज सिंह के अलावा आगामी टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका के जेपी डुमिनी और श्रीलंका के उपुल थरंगा को भी अपने-अपने देश की ओर से भाग लेते हुए देखा जाएगा।
साउथ अफ्रीका मास्टर्स की ओर से भाग लेना मेरे लिए काफी सम्मान की बात है: जेपी डुमिनी
जेपी डुमिनी ने कहा कि, ‘IML के पहले सीजन में साउथ अफ्रीका मास्टर्स की ओर से भाग लेना मेरे लिए काफी सम्मान की बात है। मैं इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए बेताब हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि क्रिकेट फैंस भी आगामी टूर्नामेंट का काफी अच्छी तरह से लुफ्त उठाएंगे।’
उपुल थरंगा ने कहा कि, ‘आगामी टूर्नामेंट के पहले सीजन में मैं श्रीलंका मास्टर्स की ओर से खेलता हुआ नजर आऊंगा। IML काफी बड़ा टूर्नामेंट है और फील्ड पर पुराने दोस्त और विरोधी टीमों के खिलाफ काफी यादगार क्रिकेट खेला जाएगा।’
IML के मैच कहां देख सकते हैं?
इंटरनेशनल मास्टर्स लीग के सभी मैच Disney+Hotstar पर देखे जा सकते हैं। टीवी में यह टूर्नामेंट वायकॉम18 कलर्स नेटवर्क चैनल पर प्रसारित किए जाएंगे।