न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने की टीम की घोषणा, जैक क्राॅली को नहीं दी जगह

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने की टीम की घोषणा, जैक क्राॅली को नहीं दी जगह

युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों के मिश्रण के साथ उतरेगा इंग्लैंड

Zak Crawley (Image credit Twitter - X)
Zak Crawley (Image credit Twitter – X)

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। 4 जून से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले इस मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा फैसला ओपनर ज़ैक क्रॉली को बाहर करने का रहा, जो पिछले दो सीजन से लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे थे।

इंग्लैंड ने इस बार युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया है। पहली बार एमिलियो गे, जेम्स रेव और सन्नी बेकर को टेस्ट टीम में जगह मिली है। इसके अलावा तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की दो साल बाद टीम में वापसी हुई है।

एशेज हार के बाद बड़ा बदलाव

2025-26 एशेज सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड टीम पर काफी सवाल उठे थे। कप्तान बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम अब नए खिलाड़ियों के साथ नई शुरुआत करना चाहती है। इंग्लैंड मैनेजमेंट का मानना है कि घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए।

एमिलियो गे ने काउंटी चैंपियनशिप में डरहम के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठ पारियों में 552 रन बनाए थे। माना जा रहा है कि वह क्रॉली की जगह ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। वहीं युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने एशेज में शानदार शतक लगाकर नंबर-3 की जगह लगभग पक्की कर ली है।

ऑली रॉबिन्सन की वापसी पर नजर

टीम में सबसे ज्यादा चर्चा ऑली रॉबिन्सन की वापसी को लेकर हो रही है। फिटनेस समस्याओं के कारण उन्हें 2024 भारत दौरे के बाद बाहर कर दिया गया था। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 37 पारियों में 76 विकेट लिए हैं और अब इंग्लैंड उन्हें तेज गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा मान रहा है।

जोफ्रा आर्चर को इस टेस्ट के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। इंग्लैंड बोर्ड फिलहाल उनका वर्कलोड संभालते हुए उन्हें धीरे-धीरे रेड बॉल क्रिकेट के लिए तैयार करना चाहता है। टीम 22 मई से लफबरो में ट्रेनिंग कैंप शुरू करेगी। वहीं रेहान अहमद और जैकब बेथेल IPL खत्म होने के बाद टीम से जुड़ेंगे।

close whatsapp