जितनी जिंबाब्वे के टी-20 लीग की प्राइज मनी नहीं है उससे ज्यादा तो IPL में भारतीय खिलाड़ियों की बेस प्राइस होती है: रविचंद्रन अश्विन
एक आर्टिकल के बारे में बात करते हुए अश्विन ने कहा कि जिंबाब्वे की टी-20 लीग की इनामी राशि महज 8.50 लाख रुपए है जो IPL में किसी भारतीय खिलाड़ी के आधार मूल्य से काफी कम है।
अद्यतन - अगस्त 20, 2022 7:03 अपराह्न

भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि अगर जिंबाब्वे को अपने देश में क्रिकेट को और अच्छी तरह से बढ़ाना है तो उन्हें अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है। एक आर्टिकल के बारे में बात करते हुए अश्विन ने कहा कि जिंबाब्वे की टी-20 लीग की इनामी राशि महज 8.50 लाख रुपए है जो IPL में किसी भारतीय खिलाड़ी के आधार मूल्य से काफी कम है।
बता दें, केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय जिंबाब्वे में तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला भारत ने 10 विकेट्स से अपने नाम किया था।
जिंबाब्वे और भारत के बीच वेतन असमानता पर चर्चा करते हुए अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘विश्व क्रिकेट जगत पर एक बेहतरीन आर्टिकल पढ़ा। इसमें कहा गया है कि जहां पैसे ज्यादा है वहां रोजगार के अवसर भी बेहतर हैं और खिलाड़ियों के लिए भी यह फायदेमंद है। उदाहरण के तौर पर भारत ने जिंबाब्वे दौरे के लिए 15 खिलाड़ियों की स्क्वाड को भेजा था। आखिरी मिनट में वॉशिंगटन सुंदर को चोट लग गई और उनकी जगह शहबाज अहमद को टीम में शामिल किया गया।
शहबाज अहमद को भी RCB से अच्छा कॉन्ट्रैक्ट मिला हुआ है। मुझे उनके वेतन के बारे में ठीक से तो पता नहीं है लेकिन यह बात पक्की है कि वो करोड़ों में कमा रहे होंगे। वहीं दूसरी ओर जिंबाब्वे की टी-20 लीग जिसे नेशनल प्रीमियर लीग (NPL) के नाम से भी जाना जाता है उसकी पूरी प्राइज मनी $10,000 है जो 8.50 लाख रुपए है। यहां तक की IPL के लिए भारतीय खिलाड़ियों का बेस प्राइस भी 8.5 लाख रुपए से ज्यादा है।
महिला क्रिकेट में काफी उछाल देखने को मिला है: रविचंद्रन अश्विन
उन्होंने आगे कहा कि एक समय ऐसा भी था जब जिंबाब्वे अपने खिलाड़ियों को सैलरी देने में असमर्थ थी। लेकिन नए प्रशासन के कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पिछला बकाया भी चुका दिया। अगर जिंबाब्वे इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करती है तो उनके लिए काफी सकारात्मक बात होगी और देश में क्रिकेट को भी अच्छी पहचान मिलेगी।
बातचीत के दौरान अश्विन ने इस बात पर भी खुशी जताई है कि अगले साल से महिला IPL की शुरुआत होने वाली है। उन्होंने कहा कि, ‘महिला क्रिकेट पहले से काफी ऊपर उठ गया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक अपने नाम किया और कई ICC प्रतियोगिताओं में टॉप 4 में अंत किया। आगामी WIPL में मिताली राज भी खेलना चाह रही है जो काफी अच्छी बात है।