ZIM vs IND: शुभमन गिल और शिखर धवन को जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने अपनी काबिलियत दुनिया के सामने रखी है: आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

ZIM vs IND: शुभमन गिल और शिखर धवन को जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने अपनी काबिलियत दुनिया के सामने रखी है: आकाश चोपड़ा

दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की नाबाद शतकीय साझेदारी निभाई और भारतीय टीम को जीत दिलाई

shikhar dhawan and shubhman gill and aakash chopra (source-twitter)
shikhar dhawan and shubhman gill and aakash chopra (source-twitter)

18 अगस्त को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा चुके पहले वनडे मुकाबले में भारत ने जिंबाब्वे को 10 विकेट्स से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे टीम ने 40.3 ओवरों में सभी विकेट्स खोकर 189 रन बनाए। जवाब में शिखर धवन के 81* और शुभमन गिल 82* रनों की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने यह मुकाबला 30.5 ओवरों में ही अपने नाम कर लिया।

तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है। इसी के साथ पूर्व भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम के दोनों ओपनरों की जमकर तारीफ की है। इन दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की नाबाद शतकीय साझेदारी निभाई। अपने यूट्यूब चैनल में वीडियो को साझा करते हुए चोपड़ा ने दोनों बल्लेबाजों के प्रदर्शन की सराहना की।

शुभमन गिल की बल्लेबाजी में मैच्योरिटी दिखाई दे रही है: आकाश चोपड़ा

उन्होंने कहा कि, ‘पहले हम लोग शुभमन गिल की बल्लेबाजी की बात करते हैं। उनकी बल्लेबाजी में मैच्योरिटी दिखाई दे रही है। वो पिछली सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे और इस मुकाबले में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन यह बात मैं भी जानता हूं और आप भी जानते हैं कि उन्हें इस बल्लेबाजी क्रम में लगातार बल्लेबाजी करने को नहीं मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘जैसे ही रोहित शर्मा की वापसी होगी वो शिखर धवन के साथ ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे। फिलहाल केएल राहुल ओपनिंग नहीं कर रहे हैं लेकिन अगर वो चाहते हैं तो वो यह भी कर सकते हैं। विराट कोहली नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे। नंबर तीन के लिए श्रेयस अय्यर भी तैयारी कर रहे हैं। मुझे लगता है कि श्रेयस अय्यर भी नंबर तीन पर खेल सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि शुभमन गिल ने IPL 2022 में भी गुजरात टाइटंस (GT) के लिए ओपनिंग करते हुए कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में बेहतरीन पारियां खेली थी और उन्होंने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया है। मुझे उम्मीद है अगर उनको आगे भी मौका मिलता रहेगा तो वो ऐसा ही प्रदर्शन आगे भी करते रहेंगे।

शिखर धवन को जब मौका मिला है उन्होंने रन बनाए हैं: आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा ने शिखर धवन के लिए कहा कि, ‘इस बल्लेबाज के क्या ही कहने। उन्हें जब भी मौका मिला है उन्होंने रन बनाए हैं। मैं इस लड़के के लिए बहुत ही खुश हूं। दुनिया उनके खिलाफ रही है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी की बोलती बंद कर दी है।

उन्होंने आगे कहा कि धवन को पहले इस सीरीज का कप्तान नियुक्त किया गया था लेकिन एकदम से केएल राहुल को कप्तान नियुक्त कर दिया गया और उन्हें टीम का उप-कप्तान घोषित कर दिया गया। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने यही कहा कि वो इस बात से खुश हैं कि केएल राहुल की टीम में वापसी हुई हैं।

आकाश चोपड़ा के मुताबिक जिस तरीके से शिखर धवन इस समय प्रदर्शन कर रहे वो लगातार यह बात सबको बता रहे हैं कि उन्हें 2023 वनडे वर्ल्ड कप में खेलना हैं।

close whatsapp