ZIM vs IND: टी20 सीरीज शुरू होने से पहले ही जिम्बाब्वे गेंदबाज ने दी गीदड़ भपकी, कहा- गिल को आउट करने में मजा आएगा
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच आज 6 जुलाई को खेला जाएगा।
अद्यतन - Jul 6, 2024 2:44 pm

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे पर है। तो वहीं इस टी20 सीरीज का पहला मैच आज 6 जुलाई, शनिवार को दोनों टीमों के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें सीरीज के पहले मैच को जीतकर, शानदार शुरुआत करना चाहेंगी।
हालांकि, इस टी20 सीरीज के शुरू होने से पहले जिम्बाब्वे टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी (Blessing Muzurabani) ने बड़ा बयान दिया है। मुजरबानी का कहना है कि अगर वे शुभमन गिल को आउट करते हैं, तो उन्हें बहुत अच्छा लगेगा। साथ ही उन्होंने कहा है कि वे गिल की काफी रिस्पेक्ट भी करते हैं।
भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज से पहले बड़ा बयान आया सामने
बता दें कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज के शुरू होने से पहले इंडिया टुडे के साथ एक बातचीत में ब्लेसिंग मुजरबानी ने कहा- मुझे लगता है कि मैं शायद कुछ अन्य गेंदबाजों से थोड़ा अलग हूं। मैं शुभमन गिल को बहुत सम्मान देता हूं क्योंकि वह पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं।
वह वास्तव में क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ा नाम है। लेकिन जहां तक मेरी बात है, असल में मैं हर विकेट वैसे ही लेता हूं जैसा लेते आया हूं। इसलिए, मैं किसी खिलाड़ी को देखकर गेंदबाजी नहीं करता।
मुजरबानी ने आगे कहा- मेरा टारगेट जिम्बाब्वे के लिए मैच जीतना है। चाहे इसके लिए विकेट मिले या ना मिले। इसलिए, यह सिर्फ टीम के बारे में है। हमारे लिए जीत का प्रयास करना जरूरी है।
इसलिए, मैं उन नामों पर विचार नहीं कर रहा हूं कि इसका विकेट लूंगा, उसका विकेट लूंगा। अगर मैं (शुभमन गिल) उन्हें आउट कर दूं तो यह टीम के लिए अच्छा है। गिल एक अच्छे खिलाड़ी हैं और उन्हें आउट करना वाकई अच्छा होगा।
साथ ही बता दें कि इस टी20 सीरीज के दौरान पहली बार टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है। देखने लायक बात होगी कि वह इस सीरीज के दौरान कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं?