ZIM vs IND: दीपक हुड्डा ने दूसरे वनडे मुकाबले में जीत के बाद वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम - क्रिकट्रैकर हिंदी

ZIM vs IND: दीपक हुड्डा ने दूसरे वनडे मुकाबले में जीत के बाद वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम

हुड्डा ने भारत के लिए 7 वनडे और 9 टी-20 मुकाबलों में प्रतिभाग किया हैं और इन सभी 16 मुकाबलों को भारतीय टीम ने अपने नाम किया है।

Deepak Hooda (Photo Source: Twitter)
Deepak Hooda (Photo Source: Twitter)

पिछले 2-3 महीनों में बल्लेबाज ऑलराउंडर दीपक हुड्डा ने भारतीय टीम के लिए लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने टीम के लिए लगातार रन बनाए हैं। 20 अगस्त को खेले जा चुके जिंबाब्वे बनाम भारत के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में भी दीपक हुड्डा ने 25 रनों की बहुमूल्य पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

यह मुकाबला हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। हुड्डा ने अपनी इस पारी में 3 चौके जड़े। दीपक हुड्डा की इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।

इसी के साथ हुड्डा ने ना ही सिर्फ एक अद्भुत रिकॉर्ड अपने नाम किया है बल्कि इसको वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कहा जा सकता है। बता दें, जबसे हुड्डा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया है तब से भारतीय टीम एक भी मुकाबला नहीं हारी हैं। जिसमें उन्हें प्लेइंग XI में शामिल किया गया हैं। हुड्डा ने भारत के लिए 7 वनडे और 9 टी-20 मुकाबलों में प्रतिभाग किया हैं और इन सभी 16 मुकाबलों को भारतीय टीम ने अपने नाम किया है।

दीपक हुड्डा का वर्ल्ड रिकॉर्ड

दीपक हुड्डा को भारतीय टीम ने 16 मुकाबलों में प्लेइंग XI में शामिल किया है और सभी में उन्होंने जीत दर्ज की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर में आज तक ऐसा कभी देखने को नहीं मिला है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोमानिया के सात्विक नदीगोतला (लगातार 15 जीत) के नाम था।

इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेविड मिलर और रोमानिया के शांतनु वशिष्ठ भी शामिल हैं जिनके नाम लगातार 13-13 जीत दर्ज हैं। बता दें, हुड्डा ने भारत के लिए फरवरी 2022 में डेब्यू किया था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला टी-20 शतक जड़ा था।

मुकाबले की बात की जाए तो जिंबाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 38.1 ओवरों में सभी विकेट खोकर 161 रन बनाए। दीपक हुड्डा ने 2 ओवरों में 6 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। उन्होंने सीन विलियम्स को 42 रन पर चलता किया। भारत ने 162 रन के लक्ष्य को 5 विकेट रहते ही हासिल कर लिया। हुड्डा के अलावा संजू सैमसन ने 43* रनों की शानदार पारी खेली।

close whatsapp