नामीबिया के खिलाफ मिली हार के बाद जिम्बाब्वे के मुख्य कोच ने फैंस से मांगी माफी
जिम्बाब्वे ने नामीबिया के खिलाफ इस इवेंट का अपना पहला मैच खेला और उन्हें मेजबान के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - नवम्बर 23, 2023 6:07 अपराह्न

आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप अफ्रीका रीजन क्वालीफ़ायर 2023 के मुकाबले यूनाइटेड क्रिकेट क्लब ग्राउंड, Windhoek नामीबिया में खेले जा रहे हैं। जिम्बाब्वे ने नामीबिया के खिलाफ इस इवेंट का अपना पहला मैच खेला और उन्हें मेजबान के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे 20 ओवर में 132 रन ही बना पाया। टीम की ओर से Craig Ervine ने 33 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 36 रनों की तूफानी पारी खेली। कप्तान सिकंदर राजा ने 20 रनों का योगदान दिया जबकि Ryan Burl ने 25 गेंद में एक चौके और एक छक्के की मदद से 27 रनों की नाबाद पारी खेली।
नामीबिया की ओर से जे जे स्मिट ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। जवाब में मेजबान ने इस मुकाबले को तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से निकोलस डेविन ने 45 गेंदों में 10 चौके और चार छक्कों की मदद से 79 रनों की विस्फोटक पारी खेली और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
जिम्बाब्वे के मुख्य कोच Dave Houghton अपने टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह टीम का सबसे खराब प्रदर्शन था।
हम लोगों ने इस मैच में काफी खराब प्रदर्शन किया: Dave Houghton
ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक Dave Houghton ने कहा कि, ‘अगर आप यह पूछेंगे कि क्या गलत रहा तो मेरे हिसाब से सभी चीज़ें गलत थी। हम लोगों ने आज बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन किया। जिम्बाब्वे की जर्सी में अभी तक मैं जितना भी रहा हूं यह हमारे लिए सबसे खराब मुकाबला था।
यह भी पढ़े: पूर्व अफगानी कप्तान का बड़ा दावा, कहा- मेरी वजह से प्लेयर्स की मैच फीस 50 से 3000 डाॅलर हुई
यह कैसे हुआ मुझे इसके बारे में कुछ भी नहीं पता है। हम लोगों ने कड़ी मेहनत की थी। सभी खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हम लोगों ने काफी खराब बल्लेबाजी की और हमारी गेंदबाजी और फील्डिंग भी काफी औसत थी। जब आप लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं और उसके बाद ऐसे मुकाबले हार जाते हैं तो आपका आत्मविश्वास भी कम हो जाता है।
इस विकेट पर हम आराम से 170 से 180 रनों का स्कोर बना सकते थे लेकिन हमने लगातार विकेट दिए और सकारात्मक बल्लेबाजी नहीं की। हम लोग एक मैच हार चुके हैं लेकिन अभी भी चार मैच बचे हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि उसमें हम अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। मैं सभी फैंस से इस प्रदर्शन को लेकर माफी मांगना चाहता हूं।’