1 जुलाई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

1 जुलाई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. IPL में अंपायरों को मिलती है मोटी रकम, पूर्व अंपायर अनिल चौधरी ने किया कमाई का बड़ा खुलासा!

इंडियन प्रीमियर लीग अपनी जबरदस्त आर्थिक ताकत के लिए दुनिया भर में मशहूर है, क्योंकि यह बड़े-बड़े क्रिकेटरों के लिए करोड़ों डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट बनाती है। हालांकि, सिर्फ खिलाड़ी ही मोटी कमाई नहीं करते हैं। पूर्व इंटरनेशनल अंपायर अनिल चौधरी के अनुसार, मैदान पर नियम-कानून बनाए रखने वाले मैच अंपायरों को भी बहुत अच्छी फीस मिलती है।

हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान चौधरी ने बताया कि अंपायर एक आईपीएल सीजन में 45-50 लाख रुपये तक कमा सकते हैं और फाइनल में अंपायरिंग करने वाले अंपायर 8,000 डॉलर तक कमाते हैं।

पेमेंट का तरीका मैचों के महत्व के हिसाब से अलग-अलग होता है। आम ग्रुप-स्टेज मैचों के लिए, अंपायर को हर मैच के लिए $4,000 मिलते हैं। जैसे-जैसे टूर्नामेंट अपने अहम दौर में पहुंचता है, मिलने वाली रकम काफी बढ़ जाती है; प्लेऑफ मैच में अंपायरिंग करने पर $6,000 मिलते हैं, जबकि ग्रैंड फिनाले के लिए $8,000 की अच्छी-खासी रकम मिलती है।

2. ईशान किशन बने दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज, साथी अभिषेक शर्मा को छोड़ा पीछे

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने आईसीसी की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पहली बार अपने करियर में दुनिया के नंबर-1 टी20I बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया है। इसके साथ ही करीब एक साल तक शीर्ष स्थान पर रहने वाले अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं।

3. ‘यह बहुत सम्मान की बात होगी’ इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान बनने की संभावना पर हैरी ब्रूक

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज और मौजूदा व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक ने पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने से पहले ब्रूक ने कहा कि अगर उन्हें टेस्ट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलती है, तो यह उनके लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात होगी।

ब्रूक ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना रहा है और इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी करना किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि कप्तान कौन बनेगा, इसका फैसला चयनकर्ताओं और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को करना है।

4. टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट हॉल की लिस्ट में मिचेल स्टार्क से आगे तैजुल इस्लाम

बांग्लादेश के अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए नया इतिहास रच दिया। उन्होंने पहली पारी में 40.2 ओवर गेंदबाजी करते हुए 138 रन देकर सात विकेट लिए। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के दम पर उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने करियर का 19वां पांच विकेट हॉल पूरा किया। हालांकि, उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के बावजूद बांग्लादेश को मैच में हार का सामना करना पड़ा।

19वीं बार पांच विकेट लेने के साथ तैजुल इस्लाम ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ दिया। स्टार्क के नाम टेस्ट क्रिकेट में 18 बार पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है, जबकि तैजुल अब 19 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

5. “मुझे ऐसा कुछ नहीं दिखता”: वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की मांग और हाइप पर श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर बना हुआ है। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज हारने के बाद कई क्रिकेट प्रशंसक और विशेषज्ञ चाहते हैं कि वैभव को जल्द मौका दिया जाए। हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन फिलहाल जल्दबाजी के मूड में नहीं दिख रहा है।

मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान श्रेयस अय्यर से वैभव को लेकर लगातार सवाल पूछे गए। लेकिन उन्होंने साफ किया कि टीम किसी खिलाड़ी को केवल चर्चा या लोकप्रियता के आधार पर मौका नहीं देती।

जब एक पत्रकार ने कहा कि हर तरफ वैभव सूर्यवंशी की चर्चा हो रही है, तो श्रेयस अय्यर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें ऐसी कोई बात नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि वह न तो सोशल मीडिया देखते हैं और न ही खबरों पर ज्यादा ध्यान देते हैं, इसलिए उन्हें इस तरह की किसी हाइप की जानकारी नहीं है। अय्यर का कहना था कि उनका पूरा ध्यान सिर्फ टीम की तैयारियों और मैदान पर प्रदर्शन पर रहता है।

6. ENG vs IND 1st T20I, Weather Report: बारिश की भेंट चढ़ेगा पहला मैच? मौसम रिपोर्ट पर डालें एक नजर

वैदर फोरकास्ट के अनुसार, शाम तक आसमान में बादल छाए रहेंगे; तापमान 14°C से 16°C के बीच और नमी लगभग 70 प्रतिशत रहेगी। हल्की बूंदाबांदी की संभावना लगभग 30 प्रतिशत है, फिर भी पूरे 20 ओवर का मैच होने की उम्मीद है। बीबीसी वेअथेर के एक अलग फोरकास्ट में बारिश की संभावना थोड़ी ज्यादा, यानी 35 प्रतिशत बताई गई है, जिसमें अधिकतम तापमान लगभग 21°C रहेगा और बारिश की सबसे ज्यादा संभावना लोकल टाइम दोपहर 2:00 बजे से सुबह 3:00 बजे के बीच है यह समय लगभग पूरी तरह से मैच के समय से मेल खाता है। मैच की शुरुआत में मौसम के हालात सीम गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकते हैं।

7. इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले नेट्स में गरजे वैभव सूर्यवंशी; भारतीय स्टार गेंदबाजों की जमकर की धुनाई

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20आई से पहले डरहम में भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में जबरदस्त खेल दिखाया। 15 साल के इस शानदार बल्लेबाज को सीनियर गेंदबाजों का सामना करते हुए और आत्मविश्वास के साथ बड़े शॉट्स लगाते हुए देखा गया, जिससे फैंस और क्रिकेट जानकारों का ध्यान उनकी ओर खींचा। मैच से पहले, कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर सूर्यवंशी की तैयारियों की झलकियां शेयर की गईं। उन्होंने हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाजों के खिलाफ आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की।

8. ENG vs IND 2026: इंग्लैंड बनाम भारत पहले टी20 मैच से पहले जानें हेड टू हेड रिकाॅर्ड्स

ENG vs IND हेड टू हेड रिकाॅर्ड (टी20आई क्रिकेट)

मैच खेले  30
भारत ने जीते 18
इंग्लैंड ने जीते  12
नो रिजल्ट/टाई 00
सबसे पहले मैच  19 सितंबर, 2007 (भारत ने जीता)
हालिया मैच  5 मार्च, 2026 (भारत ने जीता)

9. ENG vs IND 2026: इंग्लैंड बनाम भारत पहले टी20 मैच से पहले जानें पिच रिपोर्ट के बारे में

चेस्टर ले स्ट्रीट, रिवरसाइड ग्राउंड: पिच रिपोर्ट

चेस्टर-ले-स्ट्रीट का रिवरसाइड ग्राउंड आमतौर पर संतुलित पिचें देता है। तेज गेंदबाज़ों को शुरुआत में थोड़ी मदद मिलती है, खासकर जब आसमान में बादल छाए हों। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, हालात बल्लेबाजी के लिए बेहतर होते जाते हैं। दोनों पारियों में पावरप्ले के ओवर अहम होंगे। स्पिनरों को बीच के ओवरों में थोड़ी ग्रिप मिल सकती है। टाॅस जीतकर कप्तान गेंदबाजी करना चाहेंगे।

close whatsapp