10 फरवरी, Morning न्यूज हेडलाइंस: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - Feb 10, 2025 9:26 am

1) IND vs ENG: कटक में Rohit Sharma की धमाकेदार शतक ने टीम इंडिया को दिलाई जीत, इंग्लैंड को मात देकर सीरीज की अपने नाम
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने रविवार को दूसरे वनडे में इंग्लैंड को चार विकेट से शिकस्त दी। इंग्लैंड ने 305 रनों का टारगेट दिया, जिसे भारत ने 44.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर चेज किया। इंग्लैंड टीम रोहित शर्मा के शतकीय तूफान में उड़ गई। उन्होंने 90 गेंदों में 119 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के शामिल हैं। शुभमन गिल (60) ने अर्धशतक जमाया। श्रेयस अय्यर के बल्ले से 41 रन निकले। अक्षर पटेल 41 और रविंद्र जडेजा 11 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट कोहली (5) दहाई अंक में नहीं पहुंचे। केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने 10-10 रनों का योगदान दिया।
2) IND vs ENG: पुरानी लय में लौटे रोहित शर्मा, कटक में जड़ा भारतीय कप्तान ने अपना 32वां वनडे शतक
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा है। अपनी इस पारी के दौरान रोहित शर्मा ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। रोहित ने छक्के के साथ 76 गेंद में अपना शतक पूरा किया। बता दें कि, इंग्लैंड ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 304 रनों का स्कोर बनाया और टीम इंडिया को 305 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहले ही गेंद से आक्रामक खेल दिखाया और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव डाला।
3) IND vs ENG: कटक वनडे में रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ खास लिस्ट में बनाई जगह
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में इतिहास रच दिया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा एक खास लिस्ट में अपनी जगह बना चुके हैं। टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच इस समय कटक के बाराबाती स्टेडियम में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है। जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 304 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारत को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। इस पारी के दौरान उन्होंने वनडे में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया है। मैच शुरू होने से पहले रोहित शर्मा राहुल द्रविड़ से 22 रन पीछे थे। दिग्गज राहुल द्रविड़ ने अपने वनडे करियर में 344 मैच में 10889 रन बनाए थे।
4) कटक वनडे: रोहित का शतक बटलर ब्रिगेड के ‘सीने में धंसा’, इंग्लैंड ने बनाया हार का शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड
इंग्लैंड वनडे में 300 प्लस रन बनाने के बाद सबसे ज्यादा मैच हार वाली टीम बन गई है। इंग्लैंड ने 99 मैचों में 300+ रन का स्कोर बनाने के बाद 28 बार हार का मुंह देखा है। इंग्लैंड ने टीम इंडिया का रिकॉर्ड तोड़ा, जिसने 136 वनडे में 300 प्लस रन बनाने के बाद 28 बार हार का सामना किया। इसके बाद, लिस्ट में वेस्टइंडीज (62 में 23) और श्रीलंका (87 में 19) हैं। इंग्लैंड ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से लगातार चौथी 50 ओवर फॉर्मेट की सीरीज गंवाई है। वहीं, इंग्लैंड टीम पिछले 20 सालों में भारत में लगातार सातवीं वनडे सीरीज हारी है।
5) IND vs ENG: रोहित शर्मा का शतक ‘तुक्का’ नहीं, इस प्लान ने लगाई नैया पार; कप्तान ने खुद किया खुलासा
कप्तान ने दूसरे मैच बाद कहा, ”मुझे बल्लेबाजी करने और टीम के लिए रन बनाने में मजा आया। यह एक अहम सीरीज है। लेकिन मैं किस तरह की बल्लेबाजी करना चाहता हूं, इसके लिए योजना बनाई कि वनडे में कैसे बल्लेबाजी करनी है।” 37 वर्षीय रोहित ने आगे कहा, ”यह फॉर्मेट टी20 से अलग है टेस्ट से छोटा है। मैं लंबे समय तक बल्लेबाजी करना चाहता था और मेरा फोकस यही था।” उन्होंने कहा, ”मैंने खुद को तैयार किया था। स्टंप की ओर आती गेंदों का सामना कैसे करना है, कैसे गैप ढूंढना है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर दोनों ने मेरा अच्छा साथ निभाया।
6) IND vs ENG: जडेजा ने 13वीं बार किया रूट का शिकार, बुमराह के क्लब में मारी एंट्री; बोल्ट छूटे पीछे
कटक में खेले गए इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में रवींद्र जडेजा ने जो रूट को आउट किया। जडेजा ने 13वीं बार रूट को आउट करने का कारनामा अंजाम दिया है। वह रूट को सबसे ज्यादा मर्तबा आउट करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। जडेजा के अलावा बुमराह और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने भी रूट को 13-13 बार पवेलियन भेजा है। बुमराह अनफिट होने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। वहीं, बोल्ट ने कुल 12 बार रूट का शिकार किया है। रूट को सबसे अधिक मर्तबा आउट किया है। उन्होंने इंग्लिश प्लेयर का 14 बार शिकार किया।
7) IND vs ENG: ‘दिमाग कहां है तेरा?’: हर्षित राणा की इस हरकत पर आगबबूला हुए रोहित शर्मा, आप भी देखें वीडियो
कटक में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड की पारी के दौरान रोहित शर्मा हर्षित राणा के एक हरकत से काफी निराश दिखें और उन्होंने युवा खिलाड़ी को जमकर फटकार लगाई। बता दें कि, इंग्लैंड की पारी के 32वें ओवर में हर्षित राणा ने जोस बटलर को लगातार 4 डॉट गेंदें फेंकी। पांचवीं गेंद भी डॉट थी, लेकिन हर्षित राणा ने जैसे ही गेंद को पकड़ा उन्होंने बटलर की ओर गेंद फेंक दी। विकेटकीपर केएल राहुल गेंद पकड़ नहीं पाए और इंग्लैंड को मुफ्त में चार रन मिल गए। भारतीय टीम के खिलाड़ी यह देख दंग रह गए। इसके बाद जब हर्षित राणा अगली गेंद फेंकने वापस जा रहे थे, तब रोहित शर्मा को यह बोलते हुए सुना गया कि,’दिमाग कहां है तेरा?’
8) IND vs ENG: नन्हें फैन्स के लिए विराट कोहली के जेस्चर ने जीता दिल, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
कटक वनडे में भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की भी वापसी हुई है। चोटिल होने की वजह से विराट कोहली पहले वनडे मैच में भाग नहीं ले पाए थे और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम में जगह मिली थी। हालांकि, दूसरे मैच में वह लौटे और मैच के दौरान जब विराट कोहली फील्डिंग कर रहे थे, तब उन्होंने बाउंड्री लाइन के पास बैठे हुए Bowl Boy से हाथ मिलाया। Bowl Boy भी विराट कोहली के साथ हाथ मिलाने के बाद काफी उत्साहित नजर आए। विराट के इस जेस्चर ने फैन्स का दिल जीत लिया। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
9) WTC 2025 लीग स्टेज का हुआ अंत, पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान सबसे फिस्ड्डी टीम; भारत का टूटा दिल
श्रीलंका वर्सेस ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे संस्करण की लीग स्टेज का भी अंत हो गया है। WTC 2023-25 के संस्करण की दो फाइनलिस्ट टीमों की तस्वीर पहले ही साफ हो गई थी। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ साउथ अफ्रीका ने इस बार खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है, वहीं लगातार दो बार फाइनल में पहुंचने वाली टीम इंडिया अंत में आते-आते रेस में पिछड़ गई। न्यूजीलैंड से घर पर 0-3 से सीरीज हारने के बाद भारत को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान सबसे फिसड्डी टीम रही।