WI vs SA टेस्ट मैच में शमार जोसेफ ने किया शानदार प्रदर्शन

WI vs SA: दूसरा टेस्ट: पहला दिन: शमार जोसेफ ने अपनी रफ़्तार से बरपाया कहर, 5 विकेट हॉल लेकर तोड़ी अफ्रीकी टीम की कमर

इस टेस्ट मैच के पहले दिन शमार जोसेफ ने करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल लिया।

WI vs SA (Photo Source: Getty Images)
WI vs SA (Photo Source: Getty Images)

वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका दूसरे टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा। पहले दिन कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जो टेस्ट क्रिकेट के पहले दिन काफी कम देखने को मिलता है। दोनों टीमों को मिलाकर कुल 17 विकेट गिरे। दोनों टीमों की ओर से कोई भी बल्लेबाज पिच पर टिक नहीं पाया। इस दौरान वेस्टइंडीज के युवा सनसनी शमार जोसेफ ने करियर का तीसरा 5 विकेट हॉल लेकर कहर बरपाया।

वहीं उनका साथ दे रहे जायडन सील्स ने 3 विकेट चटकाए। इन दोनों की धाकड़ गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका की पहली पारी को महज 160 रनों पर समेट दिया। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने भी पलटवार किया। उन्होंने मेजबानों के 97 रन पर 7 विकेट गिराकर खुद को मैच में बनाए रखा है। वियान मुल्डर 4 विकेट के साथ अफ्रीकी टीम की ओर से अभी तक सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।

WI vs SA: कुछ ऐसा रहा दूसरे टेस्ट मैच का पहला दिन

विंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला जा रहा है। बारिश के चलते सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहने के बाद मेहमान साउथ अफ्रीका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। उनका यह फैसला शमार जोसेफ और जायडन सील्स की जोड़ी ने कुछ ही ओवर में गलत साबित कर दिया। इन दोनों की कहर बरपाती गेंदबाजी के आगे साउथ अफ्रीकी टीम 54 ओवर में 160 रनों पर सिमट गई।

मेहमान टीम की निराशाजनक बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए डेन पिएड्ट 38 रनों के साथ टीम के टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा कोई भी अफ्रीकी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया। साउथ अफ्रीका का स्कोर एक समय पर 97/9 था, तब डेन पिएड्ट ने नांद्रे बर्गर के साथ 10वें विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी कर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आई वेस्टइंडीज की टीम की हालत और खस्ता नजर आई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम 97 रन पर 7 विकेट खो चुकी है। टीम के 5 बल्लेबाज तो इस दौरान दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए। वहीं जेसन होल्डर एक छोर को संभाले हुए हैं और वह दिन के अंत तक 33 रन बनाकर नाबाद रहे। साउथ अफ्रीका के लिए गेंदबाजी में वियान मुल्डर चमके, जिन्होंने महज 6 ओवर में 18 रन खर्च कर 4 विकेट चटकाए।

close whatsapp