Cricket News: आज की Evening News Headlines (स्पोर्ट्स न्यूज) । CricTracker Hindi

3 अप्रैल, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Siraj (Photo Source: IPL)
Siraj (Photo Source: IPL)

1) GT से हारने पर कप्तान पाटीदार ने कबूला कड़वा सच, इनको ठहराया हार का जिम्मेदार

गुजरात टाइटंस (GT) ने बुधवार को आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। जीटी ने 170 रनों का लक्ष्य 13 गेंद बाकी रहते आसानी से हासिल कर लिया। आरसीबी की मौजूदा सीजन में यह पहली हार है। करारी शिकस्त के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदर ने कड़वा सच कहा है। रजत पाटीदार का मानना है कि आरसीबी ने लगभग 20 रन कम बनाए। उन्होंने साथ ही कहा कि शुरुआत में विकेट खोने से जो नुकसान पहुंचा, उसकी भरपाई नहीं हो सकी। जीटी से हारने के बाद जब पाटीदार से पूछा गया कि आरसीबी को कितना स्कोर बनाना चाहिए था तो उन्होंने कहा, ”200 नहीं लेकिन हमारा टारगेट करीब 190 रनों तक पहुंचने का था।

2) “गोवा ने मुझे कप्तानी…” यशस्वी जायसवाल ने इस कारण छोड़ा मुंबई टीम का साथ

यशस्वी जायसवाल ने हाल ही में बताया कि मुंबई टीम छोड़ने का फैसला बहुत कठिन था और वह अपने करियर में आज जिस मुकाम पर हैं, उसके लिए वह मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के आभारी है। जायसवाल ने यह भी बताया कि गोवा ने उन्हें कप्तानी भी ऑफर की है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक यशस्वी जायसवाल ने बताया, “यह मेरे लिए बहुत कठिन निर्णय था। आज मैं जो कुछ भी हूं, वह मुंबई की वजह से हूं। इस शहर ने मुझे वह बनाया है जो मैं हूं, और मैं जीवन भर MCA का आभारी रहूंगा। गोवा ने मुझे एक नया मौका दिया है और उन्होंने मुझे लीडरशिप रोल ऑफर किया है। मेरा पहला लक्ष्य भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा और जब भी मैं नेशनल ड्यूटी पर नहीं रहूंगा, मैं गोवा के लिए खेलूंगा और उन्हें टूर्नामेंट में आगे ले जाने की कोशिश करूंगा। यह एक (महत्वपूर्ण) मौका था जो मेरे पास आया और मैंने इसे स्वीकार कर लिया।

3) IPL 2025: रोहित शर्मा या सूर्यकुमार यादव? LSG के खिलाफ किस बल्लेबाज ने बनाए हैं ज्यादा रन

रोहित शर्मा ने अभी तक आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ छह मैच में 27.50 के औसत और 142.24 के स्ट्राइक रेट से 165 रन बनाए हैं। उन्होंने एक अर्धशतक भी बनाया है। लखनऊ के खिलाफ धाकड़ सलामी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 68 रन का रहा है। रोहित शर्मा की बात की जाए तो वह अभी तक आईपीएल 2025 में अभी तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं। हालांकि लखनऊ के खिलाफ वह बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे। सूर्यकुमार यादव की बात की जाए तो उन्होंने छह पारी में 15.67 के औसत और 130.55 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 94 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 37 रन का रहा है। भले ही अभी तक सूर्यकुमार यादव लखनऊ के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी ना कर पाए हो लेकिन आगामी मैच में उन्हें मैच विनिंग पारी खेलते हुए देखा जा सकता है।

4) जब रोहित भैया रन बनाते हैं तब मैच एकतरफा हो जाता है: अभिषेक शर्मा

रोहित शर्मा आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की ओर से भाग ले रहे हैं। अभी तक आईपीएल 2025 में रोहित शर्मा बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने तीन मैच में सिर्फ एक में जीत दर्ज की है जबकि दो मैच वह हार चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में रोहित शर्मा अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे जबकि गुजरात टाइटंस के खिलाफ सलामी बल्लेबाज 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी सलामी बल्लेबाज को निजी स्कोर पर आउट होते हुए देखा गया। हालांकि अभिषेक शर्मा का मानना है कि रोहित शर्मा बहुत जल्द इस टूर्नामेंट में वापसी करेंगे और उन्हें आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए देखा जा सकता है। स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए अभिषेक शर्मा ने कहा कि,’रोहित भैया जब रन बनाते हैं तो वह मैच को एकतरफा कर देते हैं। अगर गेंद उनके बल्ले पर आने लगी तो गेंदबाजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।’

5) कौन है ये लोग, कहां से आते हैं…विराट कोहली के आउट होने पर क्यों अरशद वारसी को पड़ी गालियां?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2025 का 14वां मुकाबला बुधवार, 2 अप्रैल की रात बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। इस सीजन आरसीबी फैंस अपने घरेलू मैदान पर विराट कोहली के बल्ले से धूमधड़ाका देखने के लिए बेताब थे। हालांकि उनकी उम्मीदों पर पानी तब फिरा जब दूसरे ही ओवर में विराट पवेलियन लौट गए। फिर क्या था हुआ वही जो हर बार होता है, कोहली के आउट होने के बाद उनके फैंस गेंदबाज के सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स की बौछार कर देते हैं। हालांकि इस बार उन्होंने गेंदबाज को नहीं बल्कि एक्टर अरशद वारसी को लपेट दिया।

6) होम ग्राउंड का नहीं मिल रहा फायदा? पिच का रोना रोने वालों को बीसीसीआई ने दे दी ये हिदायत

इस आपीएल सीजन में अबतक 14 मैच हुए हैं लेकिन कई मौके ऐसे भी आए हैं जब टीमें पिच की शिकायत करती दिखीं। शिकायत ये कि होम ग्राउंड पर खेलने के बाद भी उन्हें फायदा नहीं मिल रहा क्योंकि पिच उनके मनमाफिक क्यूरेट नहीं हुई है। ताजा मामला मंगलवार को हुए लखनऊ बनाम पंजाब मैच का है। हार के बाद लखनऊ के मेंटॉर जहीर खान तो यहां तक बोल गए कि ऐसा लगा जैसे हमारे होम ग्राउंड की पिच को पंजाब के क्यूरेटर ने तैयार किया है। अब इन शिकायतों को लेकर बीसीसीआई ने फ्रैंचाइजियों को ही हिदायत दी है कि वे अपनी जरूरतों को लेकर पिच क्यूरेटर को पहले ही बताएं, सीजन के बीच में नहीं।

7) साई सुदर्शन ने खोला IPL में अपनी सफलता का राज, बताया कैसे मचा रहे हैं तबाही

गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस की तरफ से मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने से उन्हें टी20 क्रिकेट में बेहतर बल्लेबाज बनने में मदद मिली। सुदर्शन में बुधवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेल कर अपनी टीम को आठ विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सुदर्शन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘यह (आईपीएल में) मेरा चौथा साल है, इसलिए मुझे लगता है कि इससे मुझे काफी अनुभव मिला है। मुझे कुछ मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए नेट्स में मुझे काफी तेज गेंदबाजी का सामना करना पड़ा।’’

8) क्रुणाल पांड्या खा गए थे गच्चा, अब साई किशोर ने बताया कैरम बॉल का राज

गुजरात टाइटंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स का मैच। पहले बैटिंग कर रही थी आरसीबी। स्कोरबोर्ड पर टंगे थे 104 रन और तबतक 5 विकेट गिर चुके थे। गुजरात के साई किशोर का ओवर चल रहा था। सामने थे क्रुणाल पांड्या । पारी की 86वीं गेद। साई किशोर के कैरम बॉल ने पांड्या को हैरान कर दिया। टप्पा खाने के बाद गेंद एकदम सीधी रही। बल्लेबाज गच्चा खा गए। खेलना चाहते थे लेग साइड में लेकिन गेंद पहुंच गई सीधे गेंदबाज साई किशोर के हाथों में। क्रुणाल पांड्या आउट हो चुके थे। अब साई किशोर ने खुलासा किया है कि कैरम बॉल पर वह लंबे समय से काम कर रहे थे लेकिन इस्तेमाल पहली बार किया था। इस 28 वर्षीय स्पिनर ने मैच के बाद खुलासा किया कि वह पिछले कुछ सत्र से कैरम बॉल पर काम कर रहे थे लेकिन उन्होंने किसी भी तरह के मैच में अभी तक इसका इस्तेमाल नहीं किया था।

9) फ्लॉप प्रदर्शन की रोहित शर्मा को नहीं है कोई टेंशन, उनकी नई रील वीडियो है इस बात का सबूत

एक समय ऐसा था जब IPL में गेंदबाज रोहित शर्मा से डरते हैं, हिटमैन विरोधी टीमों को अपनी बल्लेबाजी से दिन में तारे दिखा देते थे। लेकिन अब कहानी कुछ अलग है, साथ ही  इस सीजन भी रोहित अपने बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन फिर भी वो अपनी ही मस्ती में मस्ती हैं और उसका नजारा उनकी नई रील में देखने को मिला है। मुंबई इंडियंस ने लीग का आगाज हार के साथ किया था, ऐसे में ये टीम अभी तक कुल 3 मैच खेल चुकी है। इस दौरान टीम को 2 में हार मिली है, तो हाल ही में KKR को मात देकर MI ने जीत का खाता खोला है। वहीं अब इस टीम का अगला मैच 4 अप्रैल को है, इस दिन हार्दिक की सेना का सामना LSG से होगा और ये मैच लखनऊ के मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे में देखना होगा की इस मैच में जीत की कहानी कौन लिखता है।

 10) गुजरात की जीत के बाद देखने को मिले खुशी के पल, कप्तान गिल करते नजर आए सिराज की टांग खिंचाई

गुजरात टाइटंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए RCB को उन्हीं के घर में मात दी है, जिसके बाद गिल की टीम उत्साह से लबरेज है। वहीं टीम के जश्न का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शुभमन गिल सहित टीम के बाकी खिलाड़ी काफी ज्यादा खुश नजर आए और वो वीडियो फैन्स को भी काफी पसंद आ रहा है। गुजरात के खिलाफ हुए मैच से पहले RCB टीम लगातार दो मैच जीतकर अंक तालिका के टॉप पर थी, लेकिन सीजन की पहली हार मिलने के बाद ये टीम नीचे आ गई। जहां गुजरात के खिलाफ मिली हार के बाद RCB टीम अंक तालिका के तीसरे स्थान पर गई है, तो नंबर एक पर पंजाब टीम पहुंच गई है और दूसरे पर दिल्ली टीम कायम है। वहीं अभी तक आईपीएल के इस सीजन में कई स्टार खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से फैन्स और टीम को काफी ज्यादा निराश किया है।

close whatsapp