इंग्लैंड टेस्ट टीम में बेन स्टोक्स को रिप्लेस करने के सबसे बड़े दावेदार हैं ये 3 धाकड़ खिलाड़ी

इंग्लैंड टेस्ट टीम में बेन स्टोक्स को रिप्लेस करने के सबसे बड़े दावेदार हैं ये 3 धाकड़ खिलाड़ी

इंग्लैंड के पास कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो भविष्य में इस जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं।

Ben Stokes (Image credit Twitter - X)
Ben Stokes (Image credit Twitter – X)

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने 28 जून को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट उनके करियर का आखिरी मैच होगा। स्टोक्स ने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेलीं और गेंद से भी मैच जिताने वाले प्रदर्शन किए।

उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7,273 रन बनाए और 252 विकेट लिए। उनके जाने से इंग्लैंड की टीम में एक बड़ा खालीपन आ गया है, जिसे भरना आसान नहीं होगा। हालांकि, इंग्लैंड के पास कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो भविष्य में इस जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं।

डैन लॉरेंस

सरे के बल्लेबाज डैन लॉरेंस इस दौड़ में सबसे आगे नजर आते हैं। वह अब तक 14 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 671 रन बना चुके हैं। उनके नाम चार अर्धशतक भी दर्ज हैं। इस समय वह काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 में शानदार फॉर्म में हैं। आठ मैचों में 788 रन बनाकर वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

इस दौरान उन्होंने पांच शतक लगाए हैं। लॉरेंस मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 64 विकेट भी हैं, जिससे टीम को अतिरिक्त विकल्प मिलता है।

जेम्स कोल्स

ससेक्स के युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को इंग्लैंड क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। हाल ही में उन्हें भारत के खिलाफ टी20 टीम में भी जगह मिली, जिससे साफ है कि चयनकर्ताओं को उन पर काफी भरोसा है।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कोल्स ने 3,441 रन बनाने के साथ 74 विकेट भी लिए हैं। वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं, जो खासकर एशियाई परिस्थितियों में इंग्लैंड के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। मौजूदा काउंटी सीजन में भी उन्होंने आठ मैचों में 521 रन बनाए हैं।

सैम करन

अगर इंग्लैंड को स्टोक्स जैसा अनुभवी ऑलराउंडर चाहिए तो सैम करन सबसे मजबूत विकल्प हो सकते हैं। वह 24 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अच्छा अनुभव रखते हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका बल्लेबाजी औसत 30 से ज्यादा है, जबकि उन्होंने 221 विकेट भी हासिल किए हैं।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के कारण वह इंग्लैंड की स्विंग गेंदबाजी को और मजबूत बनाते हैं। साथ ही निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। ऐसे में स्टोक्स के बाद करन इंग्लैंड की टेस्ट टीम को संतुलन देने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।

close whatsapp