युवराज सिंह फैन्स को देने वाले हैं बड़ा सरप्राइज, शेयर किया एक स्पेशल वीडियो
युवराज सिंह ने कुछ दिन पहले ही बताया था कि वह जल्द ही क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 7, 2021 7:18 अपराह्न
पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह का नाम एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल कुछ समय पहले युवराज ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया था कि वह अपनी दूसरी पारी फिर से शुरू करने वाले हैं। अब एक बार फिर उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा लिखा है जिससे फैन्स के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
युवराज सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने फैन्स को बड़े सरप्राइज के लिए तैयार रहने को कहा है। वीडियो में युवी अपने पुराने अंदाज में दिखाई दे रहे हैं और साथ ही उसमे उनके करियर के कुछ बेहतरीन लम्हों को भी दिखाया गया है।
पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा कि, “इस साल का वह समय आ गया है, आप तैयार हैं? क्या आप इस सरप्राइज को लेने के लिए तैयार हैं? आप सभी लोगों के लिए एक बड़ा सरप्राइज है। मेरे साथ बने रहें।”
युवराज ने जो वीडियो साझा की है, उसमे वह बॉल, बैट के साथ नजर आ रहे हैं। साथ इस 22 सेकेंड की वीडियो में युवराज के करियर की जुड़ी बड़ी यादों को दिखाया गया है, रवि शास्त्री की वो कमेंट्री भी सुनाई दे रही है जब युवराज सिंह ने 6 छक्के मारे थे।
यहां देखिए युवराज सिंह का वह वीडियो
It's that time of the year. Are you ready? Do you have what it takes? Have a big surprise for all you guys! Stay tuned! pic.twitter.com/xR0Zch1HtU
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) December 7, 2021
दरअसल, करीब एक महीने पहले युवराज सिंह ने ऐलान किया था कि वह मैदान पर वापसी कर रहे हैं। बता दें कि युवी ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “भगवान आपकी किस्मत का फैसला करता है, उम्मीद है कि जनता की मांग पर मैं फरवरी में वापस आऊंगा। आपके प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। यह मेरे लिए काफी अहम है। भारत का समर्थन करते रहो, यह हमारी टीम है और एक सच्चा प्रशंसक कठिन समय में अपना समर्थन दिखाएगा #जयहिन्द।”