साउथ अफ्रीका ने भारत को दूसरे वनडे मैच में दी 7 विकेट से मात और सीरीज में ली 2-0 की अजेय बढ़त - क्रिकट्रैकर हिंदी

साउथ अफ्रीका ने भारत को दूसरे वनडे मैच में दी 7 विकेट से मात और सीरीज में ली 2-0 की अजेय बढ़त

साउथ अफ्रीका की तरफ से लक्ष्य हासिल करने में जानेमन मलान ने 91 रनों की अहम पारी खेली।

Janneman Malan and Quinton de Kock. (Photo by RODGER BOSCH/AFP via Getty Images)
Janneman Malan and Quinton de Kock. (Photo by RODGER BOSCH/AFP via Getty Images)

साउथ अफ्रीकी टीम ने भारत के खिलाफ पार्ल के मैदान में खेले गए दूसरे वनडे मैच में भी एकतरफा 7 विकेट से जीत हासिल करने के साथ सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 287 रन बनाए थे। जिसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की तरफ से ओपनिंग जोड़ी जानेमन मलान और क्विंटन डी कॉक ने शानदार शुरुआत देते हुए टीम की जीत को पूरी तरह से पक्का कर दिया था।

पंत और कप्तान राहुल ने खेली अहम पारियां

दूसरे वनडे मैच में भारतीय कप्तान लोकेश राहुल ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद शिखर धवन के साथ उन्होंने मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की जिसमें धवन को 29 के निजी स्कोर पर माक्ररम ने पवेलियन भेजा। वहीं इसके बाद टीम को अगला झटका 1 रन बाद ही विराट कोहली के रूप में लगा जो बिना खाता खोले ही केशव महाराज का शिकार बन गए। जिसके बाद राहुल ने रिषभ पंत के साथ मिलकर फिर से पारी को संभालने का काम किया।

जिसके बाद कप्तान राहुल ने अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह 55 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए जिस समय भारतीय टीम का स्कोर 179 रन था। वहीं इसके बाद शानदार बल्लेबाजी कर रहे रिषभ पंत भी 85 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। जिससे अचानक 2 झटके लगने से साउथ अफ्रीकी टीम को वापसी करने का मौका मिल गया। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 11 जबकि वेंकटेश अय्यर ने 22 रनों की पारियां खेली। लेकिन अंत के ओवरों में शार्दुल ठाकुर के नाबाद 40 और रवि अश्विन के 25 नाबाद रनों की बदौलत भारतीय 50 ओवरों में 287 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही।

जानेमन मलान और क्विंटन डी कॉक ने रखी जीत की नीव

288 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम को जानेमन मलान और क्विंटन डी कॉक की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देने का काम किया। जिसमें दोनों ने ही पहले विकेट के लिए 132 रनों की साझेदारी की जिसे शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा जिन्होंने डी कॉक को 78 के निजी स्कोर पर LBW आउट करते हुए पवेलियन भेजने का काम किया। हालांकि जानेमन मलान ने एक छोर से लगातार रनों की गति को बरकरार रखने का काम किया और कप्तान बवूमा के साथ मिलकर स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया।

मेजबान टीम को 212 के स्कोर पर जानेमन मलान के रूप में दूसरा झटका लगा जो 91 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। वहीं इसके बाद कप्तान बवूमा भी 35 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। जिसके बाद एडिन माक्ररम और रीस वैन डर डुसेन ने टीम को और कोई झटका नहीं लगने दिया और 48.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारत की तरफ से चहल, बुमराह और शार्दुल ने 1-1 विकेट हासिल किया।

यहां पर देखिए भारतीय टीम की दूसरे वनडे मैच में हार के बाद सोशल मीडिया पर सभी ने दी क्या प्रतिक्रिया:

close whatsapp