वेस्टइंडीज सीरीज के लिए कमेंट्री पैनल से रवि शास्त्री का नाम गायब
रवि शास्त्री इस समय ओमान में लीजेंड्स लीग क्रिकेट के कमिश्नर की भूमिका निभा रहे हैं।
अद्यतन - जनवरी 28, 2022 1:44 अपराह्न

6 फरवरी से भारत और वेस्टइंडीज की टीमें तीन एकदिवसीय और तीन टी-20 मैचों की सीरीज में आमने-सामने होंगे। सीरज से पहले कई लोगों को उम्मीद थी कि भारत के घरेलू सत्र के लिए पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री कमेंट्री बॉक्स में लौटेंगे जो वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से शुरू हो रहा है और इसमें श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट और 3 टी-20 मैचों की सीरीज भी शामिल है।
हालांकि, अब यह बताया गया है कि शास्त्री भारत के घरेलू सत्र के लिए कमेंट्री बॉक्स में वापसी नहीं करेंगे। शास्त्री वर्तमान में लीजेंड्स क्रिकेट लीग के लिए ओमान में हैं,और लीग क्रिकेट के कमिश्नर की भूमिका निभा रहे हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीमित ओवरों की सीरीज के लिए कमेंट्री पैनल में सुनील गावस्कर, हर्षा भोगले, लक्ष्मण शिवरामकृष्णन, दीप दासगुप्ता, मुरली कार्तिक, इयान बिशप और अजीत अगरकर शामिल हैं।
आईपीएल में भी कमेंट्री करते हुए नहीं दिखेंगे रवि शास्त्री
रवि शास्त्री से जुड़े सूत्रों ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि, “उन्होंने (रवि शास्त्री) कम से कम आईपीएल 2022 (IPL 2022) तक खुद को कमेंट्री से दूर रखने का फैसला किया है। वो फिलहाल, दो महीनों तक अलग-अलग प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं और उसको खत्म करने के बाद ही वह कमेंट्री पर विचार करेंगे।”
रवि शास्त्री ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 80 टेस्ट और 150 वनडे मैच खेले। जहां उन्होंने टेस्ट मैच क्रिकेट में 3830 रन बनाए, वहीं शास्त्री ने टेस्ट क्रिकेट में 151 विकेट लिए वहीं वनडे क्रिकेट में शास्त्री के बल्ले से 3108 रन निकले और इस दौरान उन्होंने 129 विकेट भी लिए। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 15 शतक बनाए।
बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद, शास्त्री ने बिना किसी बाधा के कमेंट्री बॉक्स में प्रवेश किया और वह इस वक्त भी दुनिया के जाने-माने सर्वश्रेष्ठ कमेंटटरों में से एक हैं। जब टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत का अभियान समाप्त हो गया था तब उम्मीद की जा रही थी कि रवि शास्त्री जल्द ही टीवी पर माइक थामे हुए नजर आएंगे, लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ भी होता हुआ नजर नहीं आ रहा है।