7वें, 8वें नंबर पर भारत को खल रही है रवींद्र जडेजा की कमी- सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

7वें, 8वें नंबर पर भारत को खल रही है रवींद्र जडेजा की कमी- सुनील गावस्कर

ऋषभ पंत के ओपनिंग और केएल राहुल के चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कराने के फैसले से खुश नहीं हैं गावस्कर।

Sunil Gavaskar and Ravindra Jadeja. (Photo source: Getty Images)
Sunil Gavaskar and Ravindra Jadeja. (Photo source: Getty Images)

टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा वनडे 44 रन से जीतकर सीरीज भले अपने नाम कर लिया हो लेकिन, अभी भी टीम प्रबंधन की बल्लेबाजी कॉम्बिनेशन और थिंक टैंक पर काफी सवाल उठ रहे हैं। दूसरे वनडे मैच में आश्चर्यजनक रूप से, ऋषभ पंत कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे, जबकि वापसी करने वाले केएल राहुल, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में ओपनिंग की, उन्हें इस मैच में नंबर 4 पर भेजा गया।

टीम इंडिया की इस रणनीति ने क्रिकेट बिरादरी को हैरान कर दिया। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर भी इससे खुश नहीं दिखे क्योंकि उन्हें लगता है कि राहुल टॉप आर्डर बल्लेबाज हैं जबकि पंत को फिनिशर की भूमिका दी जानी चाहिए। बता दें कि यह, रणनीति टीम के काम नहीं आई  क्योंकि भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए 43 रन पर टॉप तीन बल्लेबाज को गंवा चूका था और अंत में टीम 50 ओवर में 237/9 स्कोर बना पाई।

ऋषभ पंत को बतौर फिनिशर टीम में होना चाहिए : सुनील गावस्कर

मैच के दौरान सुनील गावस्कर ने पंत को लेकर बयान दिया। मिड इनिंग शो में उन्होंने कहा कि, “ईमानदारी से कहूं तो, मैं ऋषभ पंत को क्रम में देखकर हैरान था क्योंकि मुझे हमेशा लगता है कि वह शायद 6 या 7 पर बेहतर है, उन्हें फिनिशर का रोल मिलना चाहिए। मुझे लगता है कि राहुल सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित के साथ होंगे और सूर्या शायद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि, “फिर शायद 5 पर, आपके पास ऋषभ पंत और फिर वाशिंगटन सुंदर जैसा कोई होगा। ये मत भूलिए, भारत सातवें नंबर पर रवींद्र जडेजा की कमी को महसूस कर रहा है। वह इतने रन बना रहे थे और बड़े शॉट मार रहे थे। इसके साथ ही वो शानदार फील्डिंग और गेंदबाजी में विकेट भी ले रहे थे। उन्हें इस भारतीय टीम द्वारा बहुत याद किया जा रहा होगा।”

बता दें कि, जडेजा फिटनेस मुद्दों के कारण वेस्टइंडीज सीरीज को मिस कर रहे हैं। उनके इस महीने के अंत में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में वापसी करने की उम्मीद है, जिसमें तीन टी-20 और कुछ टेस्ट मैच शामिल हैं।

close whatsapp