वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में ईशान किशन की बल्लेबाजी देख हैरानी में पड़ गए आकाश चोपड़ा
विंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मैच ईशान किशन स्वाभिवक तरीके से बिल्कुल विपरीत खेलते हुए आए नजर।
अद्यतन - फरवरी 17, 2022 6:59 अपराह्न

16 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए टी-20 के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 1-0 से बढ़त बना ली है। मैच में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज को 157 रन पर रोक दिया। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 42 गेंदों में महज 35 रन बनाये उसके बाद आउट हो गए। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने ईशान किशन की धीमी बल्लेबाजी को लेकर उनकी आलोचना की है।
पूर्व क्रिकेटर के अनुसार ईशान किशन का धीमी गति से बल्लेबाजी करना टीम में उनकी जगह को खतरे में डाल सकता है। उन्होंने कहा कि “ईशान बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। उसको 35 रन बन बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। आमतौर पर ऐसी बल्लेबाजी से टीम मैच में हार का सामना करती है। हालांकि वह मैच टीम नहीं हारी लेकिन वह ईशान की इस तरह की बल्लेबाजी से टीम को नुकसान भी उठाना पड़ सकता था।”
उनके पास ज्यादा समय नहीं है- आकाश चोपड़ा
पूर्व क्रिकेर्टर ने अपने यूट्यूब चैनल पर जारी के एक वीडियो के जरिए कहा कि “ईशान किशन के खुद को साबित करने के लिए अधिक समय नहीं है। केएल राहुल के वापस आने के बाद टीम में शीर्ष क्रम को लेकर कुछ बदलाव हो सकते हैं। या तो आप ऋषभ पंत की तरफ देखेंगे या किसी ऐसे खिलाड़ी को बाहर बिठाएंगे। मेरे मुताबिक ये स्थिति ‘न इधर न उधर की होगी।”
ईशान किशन को इस बार हुए मेगा ऑक्शन में आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए है। लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज विंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मैच में बल्ले से साफतौर पर संघर्ष करते हुए नजर आए। केएल राहुल को एकदिवसीय मैच में मध्यक्रम के लिए चुना गया था। लेकिन टी-20 क्रिकेट में उन्हें शीर्ष पर पसंद किया जाता है। ऐसे में अगर ईशान किशन को शीर्ष पर बने रहना है तो उनको होने वाले दो टी-20 मैच में विस्फोटक पारियां खेलनी होंगी।
पहले टी-20 मुकाबले के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने ईशान किशन का समर्थन किया उन्होंने कहा “मैं उनसे लंबे समय से बात कर रहा हूं, जब वह बतौर मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज भी खेलते थे। टीम उनको आत्मविश्वास दिलाने की कोशिश कर रही है।”
ईशान किशन ने अभी तक अपने टी-20 करियर में 6 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। जिसमे उन्होंने 29.6 से औसत से कुल 126 रन बनाये हैं। 6 मुकाबलों में उन्होंने 1 अर्धशतकीय पारी खेली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टी-20 मुकाबला 18 फरवरी को खेला जायेगा।