2 करोड़ मिलने के बाद रॉबिन उथप्पा तो अब IPL ऑक्शन को ही बंद करवाना चाहते हैं - क्रिकट्रैकर हिंदी

2 करोड़ मिलने के बाद रॉबिन उथप्पा तो अब IPL ऑक्शन को ही बंद करवाना चाहते हैं

CSK ने रॉबिन उथप्पा को आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा।

Robin Uthappa. (Photo Source: IPL/BCCI)
Robin Uthappa. (Photo Source: IPL/BCCI)

जब भी किसी सीजन से पहले किसी आईपीएल खिलाड़ी की नीलामी होती है, तो उसके साथ काफी चर्चा होती है। पिछले कुछ वर्षों में, इन नीलामियों में कई क्रिकेटरों को इतने पैसे मिले हैं कि उसने उनके जीवन को बदल दिया है। जहां कुछ क्रिकेटर बिना बिके रहकर निराश हो जाते हैं, वहीं कई लोग करोड़पति बनकर इस इवेंट से बाहर आते हैं।

भले ही फैंस को ये ऑक्शन देखने में बड़ा मजा आता हो, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसको लेकर कुछ आलोचनात्मक राय भी दी गई है। हाल ही में ऑक्शन के खिलाफ बोलने वालों में से एक आवाज रॉबिन उथप्पा की भी है। उथप्पा, जिन्होंने खुद आईपीएल ऑक्शन से भारी अनुबंध हासिल किया है, उनका मानना ​​​​है कि आईपीएल को ऑक्शन के बजाय ड्राफ्ट सिस्टम में ले जाना चाहिए।

ऑक्शन को लेकर रोबिन उथप्पा ने दिया बड़ा बयान

News 9 से बातचीत के दौरान रॉबिन उथप्पा ने कहा कि, “सीएसके जैसी टीम के लिए खेलने की मेरी इच्छा थी। मेरी बस यह प्रार्थना थी कि फिर से सीएसके में शामिल हुआ जाए। मेरा परिवार, यहां तक कि मेरे बेटे ने भी इसके लिए प्रार्थना की। मैं ऐसी जगह जाकर खुश हूं जहां सुरक्षित और सम्मानित महसूस होता है।”

उथप्पा ने आगे कहा कि, “आप सोच भी नहीं सकते कि जो खिलाड़ी बिकते नहीं हैं उन पर क्या बीत रही होती है। यह अच्छी फीलिंग नहीं होती।  उन खिलाड़ियों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं जो ऑक्शन में लंबे समय तक रहे लेकिन उन्हें कोई टीम नहीं मिली। कई बार इससे काफी निराशा होती है।”

CSK के स्टार बल्लेबाज ने अंत में कहा कि, “ऑक्शन में ऐसा लगता है मानो आपने लंबे समय पहले कोई परीक्षा दी थी और अब उसका रिजल्ट आपको मिलने वाला है। यह देखकर अच्छा नहीं लगता और मुझे लगता है कि भारत में ही ऐसा होता है। किसी के प्रदर्शन के बारे में अपनी राय होना अलग बात है लेकिन कौन कितने रुपये में बिकेगा इस पर बात होना एकदम अलग बात है। मैं चाहता हूं कि इस ऑक्शन को ड्राफ्ट सिस्टम में बदल दिया जाये जहां खिलाड़ियों को अधिक सम्मान मिले।”

close whatsapp