PSL 2022: इस सीजन फ्लॉप रही कराची किंग्स तो राशिद लतीफ ने बाबर आजम के समर्थन में कही यह बात
कराची किंग्स पूरे सीजन में 10 में से एक ही मुकाबला जीत सकी।
अद्यतन - फरवरी 23, 2022 9:57 अपराह्न

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 7वां सीजन कराची किंग्स के लिए काफी निराशाजनक रहा है। टीम पूरे सीजन में केवल एक ही मुकाबला जीतने में कामयाब रही। कराची किंग्स ने पूरे सीजन में कुल 10 मैच खेले जिसमें से टीम ने एक ही मुकाबला अपने नाम किया है। टीम ने 18 फरवरी को लाहौर कलंदर्स के खिलाफ अपना एकमात्र मैच जीता।
कराची किंग्स के इस खराब प्रदर्शन को लेकर कप्तान बाबर आजम को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। हालांकि कप्तान ने टीम के इस निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर माफी मांगते हुए उम्मीद जताई है कि अगली बार उनकी टीम मजबूती से वापसी करेगी। बाबर आजम ने टीम के लिए कुछ महत्वपूर्ण पारियां खेली लेकिन उन परियों की बदौलत टीम मैच जीतने में कामयाब नहीं हो पायी।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कराची किंग्स के कप्तान बाबर आजम का बचाव किया। उनके अनुसार किंग्स को आजम को दोष देने के बजाय भविष्य में अपनी प्री-सीजन ड्राफ्ट रणनीतियों पर बेहतर ध्यान देने की जरूरत है।
“मैं बाबर की कप्तानी पर कुछ नहीं कहूंगा”- राशिद लतीफ
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने पाकिस्तान डॉट कॉम पीके पर बात करते हुए कहा कि “पहली बात यह है कि उन्हें इस मसौदे को गंभीरता से लेने की जरूरत है। मेरे विचार से कराची और क्वेटा, दोनों ड्राफ्ट के दिन पेशेवर नहीं थे क्योंकि इसकी तैयारी एक महीने पहले शुरू हो जाती है। मेरी रणनीति इसी के इर्द-गिर्द घूमती। पावरप्ले के लिए कितने हिटर, बीच के ओवरों में बल्लेबाज, कलाई के स्पिनर, दो गेंदबाज जो 140+ गेंदबाजी कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा “मैं बाबर की कप्तानी पर कुछ नहीं कहूंगा क्योंकि यह काफी कमजोर टीम थी और यह ड्राफ्ट के दिन स्पष्ट था। चोट लगने और अन्य चीजें होने बाद वह सफल नहीं हो सकता। एक प्रवृत्ति शुरू हो जाती है और विशेष रूप से सोशल मीडिया अन्य फ्रेंचाइजी कप्तानों के साथ तुलना करते हुए सवाल उठाना शुरू कर देता है। हां, इतने मैच हारने का दबाव होगा लेकिन मेरा समर्थन बाबर के साथ है। अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी नतीजे अच्छे नहीं रहे तो पीसीबी को घबराने की जरूरत नहीं है और चीजें सुचारू रूप से चलनी चाहिए।”