महिला वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान मिताली राज ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर साधा निशाना
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में यह भारतीय टीम की दूसरी हार है।
अद्यतन - मार्च 16, 2022 4:56 अपराह्न

भारतीय टीम को आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन ने सभी को निराश किया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 134 रनों पर ही सिमट गयी, शुरुआत में ही टीम इंडिया ने केवल 28 रनों पर अपने तीन विकेट खो दिए थे। इस टूर्नामेंट में यह भारतीय टीम की दूसरी हार थी।
वहीं दूसरी तरफ लगातार तीन मैच हारने के बाद इंग्लैंड की टीम ने शानदार वापसी की और इस मैच को 18 ओवर रहते अपने नाम कर लिया। हालांकि इंग्लैंड ने भी मैच जीतने तक अपने 6 विकेट खो दिए थे लेकिन कप्तान हीथर नाईट और नेटली साइवर ने अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हीथर नाईट ने नाबाद 53 रन बनाये जबकि साइवर ने 45 रनों की पारी खेली।
इस मुकाबले में हार के बाद भारतीय टीम की कप्तान मिताली राज ने प्रतिक्रिया दी। मिताली का मानना है कि शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने हमें काफी निराश किया। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजों का समर्थन करते हुए बताया कि अगर स्कोर 200 से अधिक होता तो इस मुकाबले में इंग्लैंड को मुश्किल होती।
“हमने निश्चित रूप से ऊपर के क्रम में साझेदारी नहीं की”- मिताली राज
मैच के बाद प्रेजेंटेशन में मिताली राज ने कहा “इसमें कोई संदेह नहीं कि हमारे शीर्षक्रम की साझेदारी में कमी रही है। टॉस हारने के बाद भी हमे बल्लेबाजी करने का मौका मिला था लेकिन हमारी टीम इस अवसर का फायदा नहीं उठा पाई। जब आप किसी मैच में हारते हैं तब ऐसा महसूस होता है कि हमारे पास रनों की कमी थी। यदि हम 200 से अधिक रन बनाते तब मैच का नतीजा कुछ भी हो सकता था।”
फील्डिंग को लेकर भारतीय कप्तान ने कहा “मेरे अनुसार फील्डिंग में हमने हमेशा अच्छा किया है और हम आगे आने वाले हर मैच में इस प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगे। यह कुछ ऐसा है जिसमें हमने सुधार किया है। हालांकि हमें बल्लेबाजी पर कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। झूलन गोस्वामी के साथ खेलना गर्व की बात है। किसी भी तेज गेंदबाज के लिए इस लेवल पर लगातार खेल पाना आसान बात नहीं है।”