IPL 2022: चेतन साकरिया ने आईपीएल से पहले विराट कोहली को लेकर जाहिर की दिली तमन्ना
चेतन साकरिया ने नेट्स में एबी डिविलियर्स को गेंदबाजी करने के अनुभव का खुलासा किया।
अद्यतन - Mar 19, 2022 10:57 am

भारतीय युवा गेंदबाज चेतन साकरिया ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। RR ने युवा गेंदबाज को पिछले सीजन 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, आईपीएल (IPL) 2022 मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया।
बांए-हाथ के युवा गेंदबाज ने RR के लिए IPL 2021 में कुल 14 विकेट चटकाए थे। इसी प्रदर्शन के बदौलत चेतन साकरिया को भारतीय क्रिकेट टीम में एंट्री मिली और फिर दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने युवा गेंदबाज, जिनका आधार मूल्य 50 लाख था, को IPL 2022 मेगा ऑक्शन में 4.20 करोड़ रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया। वह IPL के 15वें सीजन में DC के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
वैसे तो हर खिलाड़ी का सपना होता हैं कि वह बड़े बल्लेबाज को आउट करे और चेतन साकरिया भी उन्ही में से एक है। हालांकि, युवा गेंदबाज ने पिछले सीजन में भारत के दिग्गज और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान एमएस धोनी को आउट कर अपने लिए एक खास स्मृति बना ली है, लेकिन इस बार IPL 2022 में उनका टारगेट एक और भारतीय दिग्गज है।
चेतन साकरिया ने IPL 2022 में अपने टारगेट का किया खुलासा
चेतन साकरिया ने Cricket.com के हवाले से कहा: “एमएस धोनी का विकेट लेना निश्चित रूप से आईपीएल 2021 में मेरे लिए सबसे अच्छा क्षण है। मेरा डेब्यू गेम भी खास था, लेकिन धोनी भाई का विकेट लेने जैसा खास नहीं था। वह खेल के महानायक हैं, और किसी दिग्गज के खिलाफ गेंदबाजी और और उन्हें आउट करना हमेशा बहुत अच्छा अहसास होता है।”
उन्होंने नेट्स में एबी डिविलियर्स को गेंदबाजी करने के अनुभव का भी खुलासा किया और बताया वह दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज को आउट करना चाहेंगे, लेकिन दुर्भाग्य से वह सेवानिवृत्त हो गए है। अब उनकी नजर आगामी IPL 2022 में एक और उच्च श्रेणी के बल्लेबाज विराट कोहली के विकेट पर है।
युवा गेंदबाज ने आगे बताया उन्होंने डी विलियर्स के खिलाफ नेट्स के साथ-साथ मैच में भी गेंदबाजी की। उन्हें गेंदबाजी करना बहुत मुश्किल है, क्योंकि वह डेथ ओवरों में हर तरह के शॉट खेलते है। लेकिन, अब जब वह सेवानिवृत्त हो गए है, तो मुझे उन्हें आउट करने का मौका नहीं मिलेगा, इसलिए विराट भाई एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्हें मैं IPL 2022 में आउट करना चाहता हूं।